कोलकाता नगर निगम चुनाव: सभी 209 वार्डों में अकेले लड़ेगी बीजेपी, NCPI से गठबंधन की अटकलें खारिज
भाजपा ने कोलकाता नगर निगम चुनाव में एनसीपीआई के साथ गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए सभी 209 वार्डों में अपने दम पर चुनाव लड़ने का एलान किया है।

कोलकाता नगर निगम चुनाव भाजपा सभी 209 वार्डों में लड़ेगी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में दुर्गा पूजा बीतने के बाद कोलकाता नगर निगम (केएमसी) सहित अन्य निकायों में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नवंबर में कोलकाता और हावड़ा नगर निगम समेत राज्य के सात नगर निकायों में चुनाव होने की संभावना के बीच भाजपा ने NCPI के साथ गठबंधन की अटकलों को खारिज कर दिया है।
केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री और कोलकाता नगर निगम चुनाव के प्रभारी सुकांत मजूमदार ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में स्पष्ट किया कि भाजपा कोलकाता के सभी 209 वार्डों में कमल के निशान पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने भी इसी रुख को दोहराते हुए कहा कि पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा ने 2026 का विधानसभा चुनाव अपने दम पर जीता है और वह किसी की मदद से सत्ता में नहीं आई है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा कोलकाता और हावड़ा, दोनों नगर निगमों में अपना बोर्ड बनाएगी। सूत्रों के अनुसार, भाजपा इसी महीने नगर निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। फिलहाल पार्टी में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
गठबंधन की अटकलों पर लगा विराम
मालूम हो कि अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस में टूट और पार्टी के कई सांसदों, नेताओं के दूसरे दलों में जाने के घटनाक्रम के बीच नगर निकाय चुनाव में भाजपा और एनसीपीआई के बीच गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही थीं। चर्चा थी कि दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं।
एनसीपीआई में तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों के शामिल होने के बाद इन अटकलों को और बल मिला था। इस बीच भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल के बंगाल दौरे और पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद सुकांत ने गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया।
कार्यकर्ताओं और प्रतिष्ठित लोगों को प्राथमिकता
सुकांत ने बताया कि केएमसी चुनाव में भाजपा की ओर से उम्मीदवार बनने के इच्छुक लोगों को आवेदन जमा करने के लिए 26 अक्टूबर शाम पांच बजे तक का समय दिया गया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में लगे ड्राप बाक्स के माध्यम से मिलने वाले आवेदनों के आधार पर पार्टी उम्मीदवारों का चयन करेगी।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में भाजपा के कार्यकर्ताओं और कर्मियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा समाज के प्रतिष्ठित लोगों और विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के मुश्किल दौर में साथ खड़े रहने वालों को भी महत्व मिलेगा। उम्मीदवारों की स्थानीय छवि और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता को भी ध्यान में रखा जाएगा।
तृणमूल कांग्रेस के कुछ पूर्व पार्षदों के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताने संबंधी सवाल पर शमीक ने कहा कि उनके पास इस तरह की कोई जानकारी नहीं है।
अपने बूथ से जीतकर दिखाएं ममता बनर्जी
कोलकाता नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मी के बीच केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए कहा कि पहले वह अपने बूथ से जीतकर दिखाएं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले अपना घर संभालें, फिर भाजपा की चिंता करें।
