बांग्लादेश की प्रिया के समर्थन में खड़ी हुई भाजपा
-बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त को ज्ञापन देने पहुंचे 74 कार्यकर्ता हुए गिरफ्तार -पुलिस ने भाजपाइ
-बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त को ज्ञापन देने पहुंचे 74 कार्यकर्ता हुए गिरफ्तार
-पुलिस ने भाजपाइयों को विरोध-प्रदर्शन करने से रोका
जागरण संवाददाता, कोलकाता : महानगर स्थित बांग्लादेश के डिप्टी हाई कमिशन के सामने विरोध-प्रदर्शन करने गए भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पहुंचते ही पहले से तैनात पुलिस ने भाजपाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार भाजपा नेताओं में प्रदेश भाजपा के शरणार्थी प्रकोष्ठ के संयोजक मोहित राय सहित पार्टी के 74 कार्यकर्ता शामिल थे। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष विश्वप्रिय राय चौधरी ने बताया कि गुरुवार को लगभग 200 कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए पार्क सर्कस इलाके के बंग बंधु सरणी में बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त को ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों विशेषकर हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने एवं ज्ञापन देने के लिए गए थे। मोहित राय ने कहा कि अत्याचार के कारण प्रिया साहा की बांग्लादेश में वापसी नहीं हो पा रही है। इस मुद्दे को भी उठाया गया था। कुछ दिन पहले ही कुछ संस्थाओं ने लोगों को लेकर ढाका स्थित भारत के उप उच्चायुक्त के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया था। उनका आरोप था कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत में मुस्लिमों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रिया नाम की हिंदू महिला ने बांग्लादेश का अपमान किया है। बताया गया है कि बांग्लादेश में भारत के उप उच्चायुक्त के समक्ष हुए विरोध प्रदर्शन के जवाब में यहां बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त कार्यालय के समक्ष भाजपा ने विरोध-प्रदर्शन का निर्णय किया था। भाजपा नेता मोहित राय ने बताया कि बांग्लादेश की प्रिया साहा ने 17 जुलाई को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बांग्लादेश के कई कट्टरपंथियों की शिकायत की थी। इस वजह से बांग्लादेश की कुछ संस्थाएं प्रिया का विरोध कर रही हैं। ऐसे में भाजपा उस महिला के समर्थन में सामने आई है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप