Citizenship Amendment Act: बंगाल में सीएए के समर्थन में भाजपा का जनसंपर्क अभियान
Citizenship Amendment Act सीएए के खिलाफ राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस प्रचार कर रही है। इसके जवाब में अब भाजपा भी राज्यभर में इस कानून के समर्थन में प्रचार शुरू किया है।
कोलकाता, जेएनएन। Citizenship Amendment Act: नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के बारे में लोगों को समझाने के लिए प्रदेश भाजपा का जनसंपर्क अभियान रविवार से शुरू हुआ। अभियान भाजपा के सभी 39 सांगठनिक जिलों में शुरू हुआ है। इसके तहत भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर सीएए की विशेषता से लोगों को अवगत करा रहे हैं। विभिन्न सांगठनिक जिलों के अध्यक्षों के साथ ही पार्टी के नेता, सांसद इस अभियान में जुट गए हैं। घर-घर प्रचार के साथ ही विभिन्न जगहों पर जनसभाएं आयोजित की जा रही है और जुलूस निकाले जा रहे हैं। इसके माध्यम से भाजपा राज्य की जनता को सीएए की विशेषता बता रहे हैं।
गौर हो कि इस कानून के खिलाफ राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस लगातार प्रचार कर रही है। इसके जवाब में अब भाजपा भी राज्यभर में इस कानून के समर्थन में जोर शोर से प्रचार शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने उत्तर कोलकाता के निमतला घाट स्ट्रीट से जनसंपर्क अभियान शुरू किया। वे सीएए के बारे में बताने के लिए लोगों के घर-घर पहुंचे। उनके साथ पार्टी के अन्य कार्यकर्ता इस अभियान में सक्रिय रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष आज कटवा टाउन में जनसंपर्क अभियान में शामिल थे। तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में आए विधायक सव्यसाची दत्ता सीलपारा मोड़ पर अभियान चलाएंगे। भाजपा के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार बाटा मोड़ पर जनसंपर्क चलाएंगे। इस तरह पार्टी के विभिन्न नेताओं को अलग अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने का दायित्व दिया गया है। इस अभियान में पार्टी के महिला, शिक्षक, किसान, युवा सहित विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ सक्रिय हैं।
भाजपा का आरोप है कि सीएए के समर्थन में आयोजित होने वाले जुलूस, पदयात्रा एवं सभाओं को प्रशासन बाधित कर रहा है। उत्तर कोलकाता के चौरंगी इलाके में शनिवार को सभा आयोजित होने वाली थी लेकिन पुलिस ने उसकी अनुमति नहीं दी। आज रविवार को मिलन मेला के समीप से पदयात्रा निकलने वाली थी लेकिन उसे पुलिस ने अनुमति नहीं दी। हावड़ा में पदयात्रा निकालने की अनुमति नहीं मिली।