भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा- सिंगूर से तृणमूल का उत्थान हुआ और वहीं से ममता का पतन होगा
कृषि सुरक्षा बिल के समर्थन में भाजपा सांसद ने सिंगुर में किसानों के साथ की बैठक। सिंगुर से तृणमूल कांग्रेस का उत्थान हुआ था और सिंगूर से ही ममता का पतन होगा। सिंगुर के किसान 10 साल पहले जिस हाल में थे आज भी उसी हाल में जी रहे हैं।
कोलकता, राज्य ब्यूरो। सिंगुर से तृणमूल कांग्रेस का उत्थान हुआ था और सिंगूर से ही ममता बनर्जी का पतन होगा। सिंगुर के किसान 10 साल पहले जिस हाल में थे, आज भी उसी हाल में जी रहे हैं। कृषि सुरक्षा बिल के समर्थन में सिंगुर के आनंदनगर गांव में किसानों के साथ बैठक करने पहुंचीं हुगली से भाजपा सांसद लाॅकेट चटर्जी ने उक्त बातें कही।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पारित किए गए इस बिल का भारत के लोगों ने समर्थन किया है। अन्य राज्यों में इस बिल का किसानों को लाभ भी मिलना शुरू हो गया है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही इस सुविधा से बंगाल के किसान वंचित हो रहे है। बीते लोकसभा चुनाव में सिंगुर में भाजपा आगे रही थी। आगामी विधानसभा चुनाव में सिंगुर सीट से भाजपा की ही जीत होगी।
लाॅकेट का कहना है कि पंजाब के कुछ लोग अपना स्वार्थ साधने के लिए कृषि बिल का विरोध कर रहे हैं। पहले किसानों के अनाज से इन लोगों को काफी फायदा होता था। दलाली प्रथा खत्म होने से कुछ लोगों को तकलीफ हो रही है। वही लोग आज इसका विरोध कर रहे हैं।
लाॅकेट ने आगे कहा कि बंगाल को पहले वाममोर्चा ने पहलें बर्बाद किया और पिछले 10 साल में तृणमूल ने खोखला कर दिया। सूबे की जनता वोट का इंतजार कर रही है। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद सिंगुर के किसानों की भी तकदीर बदलेगी और नये युवकों को रोजगार मिलेंगा। किसानों के साथ बातचीत के बाद लाॅकेट ने गांव के एक किसान परिवार के घर जाकर दोपहर का भोजन भी किया।