NIA जांच के आदेश के अगले दिन ही भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर फिर हुई बमबाजी, भाजपा सांसद ने बताया सुनियोजित हमला
भाजपा सांसद अर्जुन सिंह (Arjun Singh) के घर मंगलवार सुबह को एक बार फिर बमबाजी हुई है। बीते 8 सितंबर को उनके घर पर तीन बम फेंके गए थे। इस घटना में उनके घर का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया था और कुछ लोग घायल भी हुए थे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर पर हाल में बम फेंकने की घटना की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) को सौंपे जाने के आदेश के दूसरे ही दिन मंगलवार सुबह एक बार फिर उनके घर के बाहर इसी तरह के विस्फोट होने की घटना सामने आई। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। एक हफ्ते से भी कम समय में दूसरी बार भाजपा सांसद के घर के पास बम विस्फोट की इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
भाजपा सांसद सिंह ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सदस्य उनकी जान लेने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि सुबह करीब 9:10 बजे सिंह के उत्तर 24 परगना के भाटपारा स्थित आवास से करीब 200 मीटर की दूरी पर खाली पड़ी जमीन पर बम विस्फोट हुए। बताया जाता है कि बदमाश सिंह के घर के पीछे बम फेंक कर फरार हो गया।हालांकि इसमें कोई नुकसान की खबर नहीं है।पुलिस की टीम बमबाजी की घटना के बाद घटना स्थल पर पहुंची।
अधिकारी ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमारी टीम वहां है।बता दें कि इससे पहले गत आठ सितंबर की सुबह भाजपा सांसद के घर पर तीन बम फेंके गए थे। इस घटना में उनके घर का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया था और कई लोग घायल भी हुए थे। सिंह उस दिन घर पर नहीं थे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के बाद सोमवार को ही उसकी जांच एनआइए ने अपने हाथ में ली थी। इसके बाद फिर से विस्फोट की यह घटना घट गई। इधर, खबर है कि मंगलवार को एनआइए की एक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और मौके से कुछ नमूने एकत्रित किए।
भाजपा सांसद ने बताया सुनियोजित हमला
वहीं, इस घटना के बाद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया, यह एक सुनियोजित हमले के अलावा और कुछ नहीं है। इसके पीछे तृणमूल कांग्रेस है...। वे मुझे और मेरे लोगों को मारने की कोशिश कर रहे हैं। यह बंगाल में गुंडाराज है। वहीं, टीएमसी के उत्तर 24 परगना के अध्यक्ष पार्थ भौमिक ने सिंह के आरोपों को खारिज किया और कहा कि भाजपा सांसद अपने घर के बाहर विस्फोटों के लिए किसी न किसी तरह से जिम्मेदार हैं।बता दें कि अर्जुन सिंह का इस क्षेत्र में खासा प्रभाव है। 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में उनके शामिल होने के बाद से ही लगातार उनके भाटपाड़ा इलाके में बमबाजी की घटनाएं घट रही है।