Move to Jagran APP

बंगाल में भाजपा की होगी अप्रत्याशित जीत : विनोद नारायण झा

बिहार के पीएचईडी मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद नारायण झा की मानें तो आने वाले चुनावों में बंगाल में भाजपा की अप्रत्याशित जीत होगी।

By Edited By: Published: Fri, 14 Dec 2018 03:00 AM (IST)Updated: Fri, 14 Dec 2018 08:46 AM (IST)
बंगाल में भाजपा की होगी अप्रत्याशित जीत : विनोद नारायण झा
बंगाल में भाजपा की होगी अप्रत्याशित जीत : विनोद नारायण झा

कोलकाता, जेएनएन। बंगाल की जनता ने माकपा से त्रस्त होकर 2011 में जिस उम्मीद के साथ परिवर्तन के नाम पर ममता बनर्जी को सत्ता पर बिठाया था, उस ममता से अब लोग उब चुके हैं। तृणमूल के गुंडों के अत्याचार से तंग आकर अब लोग परिवर्तन की राह देख रहे हैं।

loksabha election banner

बिहार के पीएचईडी मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद नारायण झा की मानें तो आने वाले चुनावों में बंगाल में भाजपा की अप्रत्याशित जीत होगी। कोलकाता के एक दिवसीय दौरे पर आए झा ने जागरण के साथ विशेष साक्षात्कार में कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जिस प्रकार उत्तर प्रदेश में भाजपा को 80 में से 72 सीटों पर जीत मिली थी उसी प्रकार 2019 में बंगाल में हमें अप्रत्याशित संख्या में लोकसभा की सीटें मिलेगी।

उन्होंने कहा कि- भाजपा को पहले लोग हिंदी प्रदेश की पार्टी कहते थे लेकिन जब हमने पूरे भारत में कर्नाटक से लेकर त्रिपुरा तक जीत हासिल की तो हमारे बारे में मान्यताएं बदली है। अगली बार बंगाल में हमें बड़ी सफलताएं मिलेगी। वैसी ही सफलता जैसे त्रिपुरा में मिली। यहां के सारे दलों को जनता ने जांच और परख लिया है। चाहे कांग्रेस हो, ममता हो या माकपा। अब बंगाल के लोग भाजपा को एक मौका देना चाहते हैं। इसी कारण अगले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में हम बंगाल में बड़ी सफलता अर्जित करेंगे।

बंगाल में भाजपा की प्रस्तावित रथ यात्रा रोके जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ममता अपना जनाधार खो चुकी हैं। इसलिए उन्हें परछाई से भी डर लग रहा है। भाजपा यहां कुछ भी एक्विटी करती है- जैसे रथयात्रा तो उन्हें अपनी कुर्सी हिलती हुई दिखने लगती है। लेकिन, जिस तरह से भाजपा को समर्थन मिल रहा है उनकी कुर्सी हिल चुकी है। भाजपा सत्ता में आने वाली है यही डर उन्हें सता रहा है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि हम अपने विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रवाद की धारा को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम निरंतर करते रहेंगे। किसी की हिंसा से, किसी के रोकने से भाजपा रूकनेवाली नहीं है। यदि भाजपा ऐसे डरती तो आज देश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर नहीं खड़ी रहती। झा ने कहा- बंगाल को यहां के राजनीतिज्ञों ने एक आयरन कर्टन में घेरकर रखा था लेकिन अब यह कर्टन टूट चुका है।

रथयात्रा निकालने के लिए जो भी लोकतांत्रिक हथियार हमारे पास हैं भाजपा उसे अपनाएगी। बंगाल में पिछले दिनों भाजपा कार्यकर्ताओं की कथित हत्या पर उन्होंने कहा कि बंगाल व केरल दो राज्यों में भाजपा को रोकने के लिए हिंसा का सहारा लिया जा रहा है। हमारे कार्यकर्ताओं की हत्याएं की जा रही है। देश के लोकतंत्र प्रेमियों को, तथाकथित मानवाधिकारवादियों व बुद्धिजीवियों को इसपर ध्यान दिया जाना चाहिए। पुरुलिया में पिछले दिनों दो कार्यकर्ताओं की हत्या की घटना को हृदयविदारक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह जघन्य हत्या है। हत्या इसलिए हुई क्योंकि वे सरकार विरोधी विचारधारा रखते थे। क्या इस तरह से लोकतंत्र चलेगा। भाजपा नेता ने कहा- ममता जिस रास्ते पर चल रही है वह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ममता माकपा के अत्याचार से भी दो कदम आगे बढ़ चुकी है और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ यहां क्रिमिनल जैसा व्यवहार कर रही है।

बिहार में अब है कानून का राज बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के सवाल पर मंत्री झा ने कहा कि लालू यादव के राज में वहां संस्थागत अपराध होते थे। लेकिन, अब बिहार में कानून का राज कायम है। अपराध की घटनाओं में बहुत कमी आई है। करीब-करीब बंद है। छिटपुट हत्या व अपराध की घटनाएं अनेक कारणों से हो रही हैं। शासन की ओर से पूरी कठोरता से उसका मुकाबला किया जा रहा है। हम भ्रष्टाचार व अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रहे हैं और चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजद के शासन में सरकार की ओर से अपराधियों को संरक्षण था लेकिन अभी अपराधियों पर कार्रवाई होती है क्योंकि बिहार में कानून का राज स्थापित है। वहां मंत्री भी गलती करते हैं तो जेल जाते हैं।

इसका उदाहरण मंजू वर्मा हैं जो जेल गई हैं, जबकि राजद के शहाबुद्दीन अभी भी राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले 15 साल में बहुत परिवर्तन आया है। यह परिवर्तन अब दिखाई देने लगा है। विरोधी राजद जैसा दल जिसकी 15 साल सत्ता थी उसने सोच लिया था कि यहां बिजली आएगी नहीं इसलिए अपना चुनाव चिन्ह लालटेन रख लिया था। लेकिन आज बिहार के हर घर में बिजली पहुंच गई है। ग्रामीण इलाकों में 18 से 20 घंटे व शहरी इलाकों में 20 से 22 घंटे नियमित बिजली लोगों को उपलब्ध है। 10 साल पहले लोगों को यह सपने जैसा लगता था। सड़क व पुल-पुलियों के मामले में हमने असाधारण उन्नति की है और और इसी का प्रमाण है कि हमारे यहां पलायन में बहुत कमी आई है।

लोगों के पास काम है

2020 के अंत तक बिहार के हर घर में नल से पहुंच जाएगा शुद्ध जल पीएचईडी मंत्री ने बताया कि बिहार में हर घर में नल का जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम चल रहा है और 2020 के अंत तक सभी घरों में शुद्ध पेयजल पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि हम अपने लक्ष्य से पहले 2019 तक बिहार के आर्सेनिक व फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध जल पहुंचा देंगे। वहीं, जिन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर आयरन है वहां 2020 के अंत तक एक्सेस आयरन से मुक्त जल पहुंचा देंगे। उन्होंने बताया कि बिहार में कुल एक लाख 14 हजार वार्ड है। इसमें से 56 हजार वार्ड में पीएचईडी हर घर नल जल देने का काम कर रहा है। इनमें से 38 हजार वार्ड गुणवत्ता प्रभावित वार्ड है। शेष वार्ड में हमारी पूर्ववर्ती योजनाएं चल रही है। 50 फीसद काम हमने पूरा कर लिया है। 40 हजार वार्डो में शुद्ध जल पहुंचाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। 2020 तक सभी घरों में शुद्ध जल पहुंच जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.