सिंडिकेट और रंगदारी के मुद्दे पर भाजपा की बैठक में मंत्री के साथ पार्टी विधायक की नोकझोंक
कोलकाता के दमदम पार्क में भाजपा की बैठक के दौरान मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय और विधायक पीयूष कनोरिया के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

HighLights
भाजपा बैठक में मंत्री शारद्वत और विधायक पीयूष में नोकझोंक
सिंडिकेट, रंगदारी और ठेके के मुद्दों पर हुआ विवाद
पीयूष ने दमदम पार्क को पैतृक क्षेत्र बताकर सवाल उठाए
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता से सटे दमदम पार्क में भाजपा की बैठक के दौरान राज्य के मंत्री और विधाननगर के विधायक शारद्वत मुखोपाध्याय तथा राजारहाट-न्यूटाउन के विधायक पीयूष कनोरिया के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
पीयूष शारद्वत के विधायक दरबार में अचानक पहुंचे और बाद में सिंडिकेट, रंगदारी तथा ठेके से जुड़े मामलों को लेकर मंत्री के सामने सवाल उठाए।
मंत्री शारद्वत और विधायक पीयूष में नोकझोंक
दक्षिण दमदम नगरपालिका के 28 नंबर वार्ड में मंगलवार रात शारद्वत विधायक दरबार में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान पीयूष वहां पहुंचे और आम लोगों के बीच बैठ गए। शारद्वत ने उन्हें मंच पर आने के लिए कहा। इस पर पीयूष ने कहा कि वह दूसरे विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं।
बाद में शारद्वत के आग्रह पर वह मंच पर उनके पास बैठ गए। बैठक में शारद्वत ने सिंडिकेट और रंगदारी से जुड़ी शिकायतों का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री खरीदने की स्वतंत्रता लोगों को है और इसमें किसी का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।
सिंडिकेट को लेकर हालिया घटनाओं का किया जिक्र
बैठक खत्म होने के बाद पीयूष ने माइक्रोफोन लेकर सिंडिकेट को लेकर हालिया घटनाओं का जिक्र किया। वहीं बैठक में पीयूष के पहुंचने को लेकर शारद्वत ने कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों से बात कर रहे थे और पड़ोसी विधानसभा क्षेत्र के विधायक के रूप में वह वहां आए थे।
वहीं, पीयूष ने कहा कि दमदम पार्क उनका पैतृक इलाका है और वह वहां के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि वह नगरपालिका क्षेत्र में किसी को भी लोगों पर अत्याचार नहीं करने देंगे।
