विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तृणमूल की तरह हम अन्य राज्यों में जाने पर ममता बनर्जी पर बाहरी का ठप्पा नहीं लगाएंगे: भाजपा नेता

By Priti JhaEdited By:
Published: Sun, 31 Oct 2021 08:24 AM (GMT+05:30)

ममता बनर्जी के देश के अन्य राज्यों का दौरा करने से कोई दिक्कत नहीं है जिस तरह तृणमूल कांग्रेस की ...और पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बंगाल इकाई
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बंगाल इकाई

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बंगाल इकाई ने शनिवार को कहा कि उसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के देश के अन्य राज्यों का दौरा करने से कोई दिक्कत नहीं है, जिस तरह तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने दिल्ली से आने वाले नेताओं पर बाहरी होने का ठप्पा लगाया था। पार्टी ने कहा कि वह बनर्जी के दौरों को लेकर कोई हंगामा खड़ा नहीं करेगी। भाजपा प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी गोवा की यात्रा से लौटने के बाद अगर अपने प्रस्तावित दौरे के तहत उत्तर प्रदेश के बनारस जाती हैं तो भाजपा को खुशी होगी क्योंकि बनर्जी वहां जाकर देख पाएंगी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र में कैसे ‘रिवरफ्रंट’ को विकसित किया गया है।

भट्टाचार्य ने कहा कि हमें याद है कि ममता बनर्जी ने उस समय क्या कहा था, जब दिल्ली और अन्य राज्यों से नेता बंगाल आए थे। उनकी पार्टी ने उन्हें बाहरी करार दिया था लेकिन भाजपा छोटी सोच नहीं रखती। हम मानते हैं कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और उनकी पार्टी के सदस्य अपने प्रयासों के लिए देश भर में कहीं भी यात्रा कर सकते हैं। ममता बनर्जी फिलहाल गोवा दौरे पर हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी पार्टी के लिए जमीन तैयार कर रही हैं।

टीएमसी का पाकिस्तान, आइएसआइ और अन्य आतंकवादी संगठनों से संबंध : भाजपा सांसद

-भाजपा के सांसद सौमित्र खां ने शनिवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा कि टीएमसी का पाकिस्तान, आइएसआइ और अन्य आतंकवादी संगठनों जैसी भारत विरोधी ताकतों से संबंध है। पूरे देश को परेशान करना उसकी संस्कृति बन गई है। बंगाल को लूटने के बाद, वह गोवा और अन्य छोटे राज्यों की ओर आगे बढ़ रही हैं ताकि आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि टीएमसी सुप्रीमो सीमावर्ती राज्यों के प्राकृतिक संसाधनों को बेचना चाहती हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ने बंगाल बेच दिया है और अब गोवा के रास्ते रोहिंग्याओं को प्रवेश कराना चाहती हैं। सौमित्र खां ने कहा कि ममता बनर्जी कहती हैं कि भाजपा देश को बेच देगी। ममता बनर्जी ने खुद बंगाल बेच दिया। टीएमसी सोच रही है कि जिस तरह से रोहिंग्याओं को बंगाल में प्रवेश करने दिया गया है, उसी तरह वह गोवा में भी यही चाहती हैं। वह त्रिपुरा में भी ऐसा करने का प्रयास कर रही हैं।