बंगाल: गंगा में प्रतिमा का ढांचा निकालने उतरे भाजपा नेता की डूबने से मौत, श्रीमणि घाट पर हुआ हादसा
बंगाल में दुर्गा पूजा विसर्जन के बाद गंगा से देवी प्रतिमाओं का ढांचा निकालते समय भाजपा नेता गौरी साहनी की ...और पढ़ें

गंगा में प्रतिमा ढांचा निकालते समय भाजपा नेता की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुर्गापूजा के विसर्जन के बाद गंगा से देवी प्रतिमाओं का ढांचा निकालने के दौरान हुगली जिले में एक हादसे में भाजपा नेता की मौत हो गई। मृतक की पहचान 61 वर्षीय गौरी साहानी के रूप में हुई है। वह भद्रेश्वर में भाजपा के स्थानीय शक्ति केंद्र प्रमुख थे।
बुधवार रात दशमी के दिन प्रतिमा विसर्जन संपन्न होने के बाद वह श्रीमणि घाट के पास गंगा में उतरकर प्रतिमाओं का ढांचा निकाल रहे थे। इसी दौरान वह नदी की गाद में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
जानकारी के अनुसार, गौरी साहानी गंगा से प्रतिमाओं का ढांचा निकालकर बेचते थे। बुधवार रात वह विसर्जन घाट से करीब 100 मीटर दूर नदी में उतरे थे। उस समय गंगा में भाटा चल रहा था। इसी दौरान वह गाद में फंस गए। काफी प्रयास के बाद भी बाहर नहीं निकल सके और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर उन्हें नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल चंदननगर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लंबे समय से भाजपा से जुड़े थे साहानी
गौरी साहानी भद्रेश्वर नगरपालिका के 16 नंबर वार्ड में गंगा किनारे रहते थे। स्थानीय भाजपा नेता मदन प्रसाद साउ के अनुसार, साहानी पहले से अस्वस्थ थे, इसके बावजूद वह ढांचा निकालने के लिए नदी में उतरे थे।
हुगली जिला भाजपा के उपाध्यक्ष गोपाल उपाध्याय ने भी उनके निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि साहानी लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए थे। घटना से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक है।
