भाजपा नेता दिलीप घोष का दावा, अभी तो शुरुआत है,जेल में होंगे आधे तृणमूल नेता
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी दावा किया था कि कई और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा और दिलीप घोष ने शनिवार सुबह पत्रकारों से कहा कि अभी तो इसकी शुरुआत हुई है। कई और जाएंगे। ऐसे में कई तरह की जांच चल रही है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। पार्थ चटर्जी, अनुब्रत मंडल के बाद उत्तर 24 परगना जिले के हालीशहर नगर पालिका के अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस नेता राजू साहनी को चिटफंड घोटाले में सीबीआइ ने 80 लाख ऱुपये के साथ गिरफ्तार किया है। तृणमूल के एक और नेता की गिरफ्तारी के को लेकर शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि जिस तरह के भ्रष्टाचार हुए हैं और कई नेता होंगे गिरफ्तार। ऐसा लग रहा है कि तृणमूल कांग्रेस के आधे नेता जेल जाएंगे।
बता दें कि पहले बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी,फिर मवेशी तस्करी मामले में बीरभूम के बाहुबली तृणमूल नेता अनुब्रत मंडल और अब चिटफंड घोटाले में नगर पालिका अध्यक्ष राजू साहनी की गिरफ्तारी, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे व पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी से कोयला तस्करी कांड में पूछताछ के बाद से तृणमूल असहज स्थिति में है।
शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी दावा किया था कि कई और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा और दिलीप घोष ने शनिवार सुबह पत्रकारों से कहा कि अभी तो इसकी शुरुआत हुई है। कई और जाएंगे। ऐसे में कई तरह की जांच चल रही है। सभी सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार हुआ है। बंगाल के लोग चाहते हैं कि यह जल्दी खत्म हो। जांच भी उसी दिशा में आगे बढ़ रही है। अगर जांच जारी रही तो पार्टी के आधे नेता और मंत्री जेल में होंगे।
शुक्रवार को सुकांत मजूमदार ने दावा किया था कि कुछ बड़ा हो सकता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कई और गिरफ्तार हो सकते हैं। विपक्ष के एक वर्ग द्वारा उठाए जा रहे प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री की सेटिंग के आरोप के संदर्भ में सुकांत ने कहा कि समझौता नहीं हुआ है, हम पहले ही कह चुके हैं। यह साबित हो गया है। दीदी की वापसी के बाद पार्थ चटर्जी जेल गए, दीदी के प्यारे भाई केष्टो ( अनुब्रत मंडल) जेल में हैं।
अभिषेक की चेतावनी पर तथागत राय ने किया कटाक्ष
मवेशी तस्करी मामले में भाजपा विधायक व नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी की संलिप्तता के आरोप लगा कर इससे संबंधित आडियो क्लिप अदालत को उपलब्ध कराने की तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी की चेतावनी पर त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल तथागत राय ने कटाक्ष किया है। तथागत रॉय ने शनिवार को ट्विटर पर लिखा कि क्या अभिषेक बनर्जी बिनय मिश्रा वाला वीडियो क्लिप कोर्ट में पेश करने की धमकी दे रहे हैं। धमकी क्यों? अदालत में विडियो जमा करने से उन्हें कौन रोक रहा है?
एक अन्य ट्वीट में तथागत राय ने पंचायत चुनाव को लेकर तृणमूल नेता अनुब्रत मंडल की टिप्पणी का उल्लेख करते हुए लिखा कि मंडल ने कहा है कि इस बार ‘जबर्दस्त वोट होगा। इसे लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कहीं यह अनुब्रत की तरफ से बीरभूम में तृणमूल का जनाधार बनाए रखने की हताशापूर्ण कोशिश तो नहीं है? चुनाव जोरदार हो या कुछ भी हो। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि वह आसनसोल की जेल के अंदर से ये सब कैसे नियंत्रित करेंगे?