मनीष शुक्ला हत्याकांड के खिलाफ भाजपा ने निकाली हल्ला बोल रैली, जताया आक्रोश, ममता पर बरसे कैलाश विजयवर्गीय
निशाना - भाजपा महासचिव ने कहा मनीष शुक्ला की हत्या तृणमूल को पड़ेगी काफी महंगी। कहा- तीन पांव की कुर्सी पर बैठी हैं ममता। कभी भी खिसक सकती है। भाजपा की सरकार बनने पर जेल जायेंगे षड़यंत्रकारी नेता व अधिकारी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भाजपा नेता मनीष शुक्ला की हत्या के खिलाफ प्रदेश भाजपा की ओर से शुक्रवार शाम में उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ में हल्ला बोल रैली निकाली गई। टीटागढ़ थाने से चिड़िया मोड़ तक निकाली गई हल्ला बोल रैली में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय, राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, सांसद अर्जुन सिंह व लॉकेट चटर्जी समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस रैली के जरिए भाजपा नेताओं ने अपने पार्टी नेता की हत्या के खिलाफ आक्रोश जताया और न्याय की मांग की।
राज्य सरकार पर जबरदस्त हमला
इस दौरान भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राज्य सरकार पर जबरदस्त हमला बोलते हुए चेतावनी दी कि मनीष शुक्ला की हत्या ममता बनर्जी को काफी महंगी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि ममता जी आपकी कुर्सी का एक पाया निकल गया है। आप तीन पाया वाली कुर्सी पर बैठी हैं। वह कभी भी खिसक जायेगी।
प्रदेश की राजनीति में एक नयी दिशा
टीटागढ़ में सभा को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने आगे कहा कि मनीष शुक्ला की हत्या कोई रसगुल्ला नहीं है, जो कोई गटक जाये। वह एटम बम है, जो भी गटकने की कोशिश करेगा, वह फट जायेगा। उन्होंने कहा कि यह हत्या को सामान्य घटना नहीं है। यह इस प्रदेश की राजनीति में एक नयी दिशा दे रही है। पूरा देश देख रहा है कि बंगाल में क्या हो रहा है?
जेल की सलाखों के पीछे होंगे अधिकारी
अभी तक छोटे बम और देशी बम के इस्तेमाल होते थे, लेकिन अब शूटर बाहर से यहां तक कि बांग्लादेश से आ रहे हैं। कार्बाइन चल रही है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वे पुलिस अधिकारी जो इस हत्याकांड में शामिल हैं, छह माह बाद हमारा मुख्यमंत्री होगा, तब देखना हम इन अधिकारियों की क्या हालत करते हैं। जो भी इस षडयंत्र में शामिल होंगे, वे जेल की सलाखों के पीछे होंगे। चाहे नेता हों या अधिकारी हों।
'ममता को सत्ता से हटा कर ही दम लेंगे'
विजयवर्गीय ने आगे कहा कि हमने मनीष शुक्ला की कसम खायी है कि जब-तक ममता जी को कुर्सी से नहीं उतारेंगे, चैन से नहीं बैठेंगे। हमें बंगाल में विकास वाली सरकार चाहिए। गौ तस्करी और जाली नोट के कारोबार करने वाली नहीं।
पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व बहुत आक्रोश में
उन्होंने कहा कि इस घटना से दिल्ली में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी बहुत आक्रोश में हैं। उनमें भी चिंता है। यह कोई सामान्य घटना नहीं है। हमने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। मैंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सारी प्रकरण की जानकारी दी है।