विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में सत्ता में आने के बाद संगठन विस्तार पर भाजपा का जोर, 11 जिलों में नए पार्टी कार्यालयों का निर्माण शुरू

Published: Wed, 14 Oct 2026 08:51 PM (IST)

बंगाल में सत्ता हासिल करने के बाद भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। दुर्गा ...और पढ़ें

बंगाल में सत्ता में आने के बाद संगठन विस्तार पर भाजपा का जोर।

बंगाल में सत्ता में आने के बाद संगठन विस्तार पर भाजपा का जोर।

HighLights

  1. बंगाल में भाजपा ने संगठन विस्तार पर जोर दिया।

  2. दुर्गा पूजा में 11 जिलों में नए कार्यालयों का भूमि पूजन।

  3. आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे ये नए पार्टी कार्यालय।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता हासिल करने के बाद भाजपा ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसी रणनीति के तहत दुर्गा पूजा के दौरान प्रदेश के 11 सांगठनिक जिलों में नए जिला कार्यालयों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है।

मंगलवार को दुर्गा पूजा की तृतीया तिथि पर विभिन्न जिलों में नए व आधुनिक सुविधाओं से युक्त पार्टी कार्यालयों के लिए भूमि पूजन किया गया। इस दौरान प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसका उद्देश्य जिलों में पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार करना है।

राज्य के कई जिलों में पार्टी के अपने कार्यालय पहले से हैं, लेकिन कुछ जिलों में अब तक किराये के मकानों या छोटे परिसरों से काम चलाया जा रहा था। पार्टी अब ऐसे जिलों में भी अपने भवन तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

हावड़ा के उलबेड़िया, आसनसोल, हुगली, बहरमपुर, बैरकपुर, कोलकाता उत्तर उपनगर और झाड़ग्राम समेत कुल 11 सांगठनिक जिलों में नए पार्टी कार्यालय बनाए जाने हैं। मंगलवार को इनमें से 10 जिलों में भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। झाड़ग्राम में भूमि पूजन बुधवार को हुआ।

आसनसोल सांगठनिक जिले के पार्टी कार्यालय के लिए भूमि पूजन में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल शामिल हुए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने उलूबेड़िया में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके साथ प्रदेश भाजपा के महासचिव शशि अग्निहोत्री और भवन निर्माण टीम के समन्वयक तथा प्रदेश के संयुक्त कोषाध्यक्ष विद्यासागर मंत्री भी मौजूद रहे।

प्रदेश भाजपा के संगठन महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती हुगली जिले के चुंचुड़ा में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पांडे भी मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बैरकपुर सांगठनिक जिले के भूमि पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके साथ प्रदेश भाजपा की महासचिव लाकेट चटर्जी भी थीं।

वहीं, बेलघरिया एक्सप्रेसवे के किनारे कोलकाता उत्तर उपनगर जिले के लिए बनने वाले पार्टी कार्यालय के भूमि पूजन में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य राहुल सिन्हा तथा पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधुच्छंदा कर शामिल हुईं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे पार्टी कार्यालय

प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष प्रबल राहा के अनुसार, राज्य में पार्टी का कार्यक्षेत्र बढ़ा है और अब किराए के मकानों या सीमित जगहों से सभी गतिविधियां संचालित करना मुश्किल हो रहा था। इसी वजह से प्रत्येक सांगठनिक जिले में अपना कार्यालय बनाने की पहल की गई है।

उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालयों के निर्माण के लिए भाजपा की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देश हैं। इनके तहत कार्यालयों में प्रतीक्षालय, बैठक कक्ष, कॉन्फ्रेंस रूम और प्रदेश अध्यक्ष के लिए अलग कक्ष समेत विभिन्न गतिविधियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

पार्टी का प्रयास है कि सभी सांगठनिक जिलों में इन्हीं मानकों के अनुरूप अपने कार्यालय तैयार किए जाएं, ताकि संगठनात्मक बैठकों, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और मीडिया से संबंधित गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।