भाजपा ने रद किए सभी राजनीतिक कार्यक्रम
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद भाजपा ने शुक्रवार को आयोजित होने वाले अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को रद कर दिया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद भाजपा ने शुक्रवार को आयोजित होने वाले अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को रद कर दिया। इस दिन पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अपरान्ह 3 बजे प्रदेश महासचिव सायंतन बसु संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करने वाले थे लेकिन पार्टी की ओर से इसे रद कर दिया गया। राज्य में 'मेरा परिवार भाजपा परिवार' के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों में झडा फहराने का कार्यक्रम चल रहा है। इस दिन इस कार्यक्रम को भी रद कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के सभी नेताओं ने शुक्रवार को होने वाले अपने राजनीतिक कार्यक्रम रद कर दिए हैं। गौरतलब है कि गुरुवार को हुए आतंकी हमले में लगभग 40 जवान शहीद हो गए जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। भाजपा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा है कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। मोदी सरकार सूद के साथ इसका हिसाब लेगी। इस दिन भाजपा ने देशभर में अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को रद कर दिया है।