विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी का जन्मदिन मनाना पड़ा भारी, बंगाल में BJP बूथ अध्यक्ष के गले में रस्सी डालकर रॉड-लाठी से बर्बर पिटाई

Published: Sat, 19 Sep 2026 07:19 PM (IST)

पश्चिम बंगाल के जयनगर में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन कार्यक्रम में महिलाओं को ले जाने पर भाजपा बूथ अध्यक्ष तपन मंडल से मारपीट का आरोप लगा है।

बंगाल में पीएम मोदी के जन्मदिन कार्यक्रम को लेकर भाजपा बूथ अध्यक्ष पर हमला

बंगाल में पीएम मोदी के जन्मदिन कार्यक्रम को लेकर भाजपा बूथ अध्यक्ष पर हमला

HighLights

  1. पीएम मोदी के जन्मदिन कार्यक्रम में महिलाओं को ले जाने का आरोप।

  2. भाजपा बूथ अध्यक्ष तपन मंडल से तृणमूल सदस्यों ने की मारपीट।

  3. गले में रस्सी बांधकर लाठी-राड से पीटा, पुलिस जांच जारी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के दक्षिण 24 परगना के जयनगर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के कार्यक्रम में महिलाओं को ले जाने को लेकर भाजपा के बूथ अध्यक्ष से मारपीट का आरोप लगा है।

घायल तपन मंडल ने खाकुरदह ग्राम पंचायत के तृणमूल सदस्य सैयद अहमद वैद्य उर्फ बड़ी और उसके साथियों पर गले में रस्सी बांधकर तथा रॉड-लाठी से पीटने का आरोप लगाया है। तपन के अनुसार, उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

घटना शुक्रवार रात जयनगर थाना क्षेत्र के खाकुरदह ग्राम पंचायत के नेउतला गांव की है। तपन मंडल 191 नंबर बूथ के भाजपा अध्यक्ष हैं। उनके अनुसार, इलाके में मोदी का जन्मदिन मनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था और वह उसमें स्थानीय महिलाओं को लेकर गए थे।

आरोप है कि इसी के बाद तृणमूल पंचायत सदस्य और उनके साथियों ने उन्हें सड़क पर पकड़ लिया। गले में रस्सी डालकर घसीटते हुए ले गए और राड व लाठी से मारपीट की। तपन का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके निजी अंग पर चोट पहुंचाई गई।

शिकायत के बाद जांच, आरोपितों की तलाश

मारपीट में गंभीर रूप से घायल तपन को रात में जयनगर-1 ब्लाक के पद्मेरहाट ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। बाद में परिवार ने जयनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।

घायल भाजपा नेता तपन ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, मामले में आरोपित तृणमूल पंचायत सदस्य सैयद अहमद वैद्य की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। पुलिस ने अभी आरोपों की पुष्टि नहीं की है।