बंगाल: दुर्गापूजा में बीजेपी के बुक स्टॉलों पर 15 गुना बढ़ी किताबों की बिक्री, तीन करोड़ रुपये की हुई सेल
बंगाल में दुर्गापूजा के दौरान भाजपा के बुक स्टॉलों पर किताबों की बिक्री में 15 गुना वृद्धि हुई, जिससे इस वर्ष तीन करोड़ रुपये से अधिक की पुस्तकें बिकीं।

भाजपा के बुक स्टॉलों पर किताबों की बिक्री में 15 गुना उछाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली दुर्गापूजा के दौरान भाजपा के बुक स्टॉल पर पुस्तकों की बिक्री में 15 गुना यानी 1400 प्रतिशत का भारी इजाफा हुआ है। इस वर्ष तीन करोड़ रुपये से अधिक की किताबों की बिक्री हुई।
पिछले वर्ष दुर्गापूजा के दौरान भाजपा के बुक स्टॉल पर 20 लाख रुपये की पुस्तकें बिकीं थी। लिहाजा इस बार पुस्तकों की मांग पिछले वर्ष की तुलना में अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है। सबसे अधिक मांग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन और उनके प्रशासनिक कार्यकाल तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर आधारित पुस्तकों की रही।
भाजपा और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों ने राज्यभर में करीब 2500 पुस्तक स्टॉल लगाए थे। इनमें कोलकाता नगर क्षेत्र के 200 से अधिक स्टॉल शामिल थे।
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अमिताभ रॉय के अनुसार, बड़े दुर्गापूजा पंडालों के सामने भी पुस्तक स्टॉल लगाए गए थे। पार्टी के 40 सांगठनिक जिलों में प्रत्येक जिले में दो से ढाई लाख रुपये तक की किताबें बिकीं। इसके अतिरिक्त, व्यक्तिगत स्तर पर और विभिन्न संगठनों के माध्यम से भी पुस्तकों की बिक्री हुई।
सरकारी योजनाओं और भाजपा के इतिहास पर भी पुस्तकें
भाजपा के साहित्य विभाग से जुड़े सप्तर्षि चौधरी ने बताया कि मोदी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर आधारित पुस्तकों के साथ पार्टी के विभिन्न प्रकाशनों की भी अच्छी मांग रही। स्टॉल पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतिहास, कार्यप्रणाली, हिंदुत्व की वैचारिक व्याख्या, भाजपा के राजनीतिक विकास और पार्टी के प्रमुख नेताओं की आत्मकथाओं से जुड़ी पुस्तकें भी उपलब्ध थीं। राम मंदिर आंदोलन सहित विभिन्न आंदोलनों के इतिहास पर आधारित किताबें भी बेची गईं।
इसके अलावा, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी देने वाली पुस्तिकाएं दर्शकों को निश्शुल्क वितरित की गईं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी विभिन्न पुस्तक स्टॉल का दौरा किया।
पार्टी नेताओं के अनुसार, इस बार स्टॉल पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के अलावा आम लोगों तथा युवाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
वामपंथी पुस्तक स्टॉल पर बढ़ी बिक्री
दुर्गापूजा के दौरान माकपा, एसयूसी समेत वामपंथी दलों के पुस्तक स्टॉल पर किताबों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि का दावा किया गया है। माकपा के अनुसार, कोलकाता समेत 12 जिलों के 665 पुस्तक स्टॉल से कुल 98 लाख सात हजार रुपये की किताबें बिकीं। पिछले वर्ष इन स्टॉल से लगभग 48 लाख रुपये की बिक्री हुई थी।
