बंगाल भाजपा के अध्यक्ष ने ममता सरकार पर बोला हमला, कहा- विश्व में दो जगहों उत्तर कोरिया और बंगाल में जंगलराज
भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सोमवार को ममता सरकार पर करारा हमला बोलते हुए दावा किया कि विश्व में दो जगहों- उत्तर कोरिया और बंगाल में जंगलराज है। उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन से की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सोमवार को ममता सरकार पर करारा हमला बोलते हुए दावा किया कि विश्व में दो जगहों- उत्तर कोरिया और बंगाल में जंगलराज है। उनका यह बयान, भाजपा शासित त्रिपुरा के बारे में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी के इसी तरह के एक कथन के बाद आया है। मजूमदार ने त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित हिंसा के विरोध में कोलकता स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय के बाहर धरना देने को लेकर भी सत्तारूढ़ दल की आलोचना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने धरना के दौरान भाजपा के पोस्टर फाड़ दिये। बता दें कि तृणमूल कार्यकर्ताओं पर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में घुसकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की तस्वीर चिपकाने का भी आरोप है। हालांकि भाजपा ने बाद ने इन तस्वीरों को हटा दिया। भाजपा नेता ने दावा किया, बंगाल में जंगल राज है। विश्व में ऐसे दो जगह हैं, उत्तर कोरिया और बंगाल, जहां यह मौजूद है। उन्होंने उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता (शासक) किम जोंग उन से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना भी की। बता दें कि सोमवार सुबह अगरतला पहुंचने के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि बिप्लब कुमार देब के शासन में त्रिपुरा में जंगलराज है। इसके बाद मजूमदार ने पलटवार किया।
'ममता बनर्जी को त्रिपुरा से पहले अपने राज्य को देखना चाहिए
इसके साथ ही बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में हुई हिंसा में भाजपा के 50 कार्यकर्ताओं के मारे जाने का दावा करते हुए मजूमदार ने कहा कि ममता बनर्जी को त्रिपुरा से पहले अपने खुद के राज्य में देखना चाहिए। कानून- व्यवस्था कायम रखने की जिम्मेदारी पुलिस की होने का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा, हम इस पुलिस मंत्री और पुलिस बल से इस तरह की कुछ उम्मीद नहीं करते हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास गृह (पुलिस) विभाग का प्रभार है। मजूमदार ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने त्रिपुरा में हुई घटनाओं पर तत्काल बैठक करने की मांग करते हुए नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्रालय के बाहर धरना देकर एक गलत प्रवृत्ति स्थापित की है। भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस त्रिपुरा में अपना शक्ति प्रदर्शन करने के लिए बंगाल से समर्थकों को ले जा रही है।
'बीएसएफ के बारे में कुछ तृणमूल नेताओं द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा शर्मनाक
वहीं, दिल्ली दौरे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ होने वाली बैठक में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकार क्षेत्र में विस्तार का मुद्दा उठाने के ममता के बयान पर मजूमदार ने कहा कि बीएसएफ के बारे में तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा शर्मनाक है। मजूमदार ने साथ ही आरोप लगाया कि बंगाल के सीमावर्ती जिलों में चुपके से जनसांख्यिकीय घुसपैठ हो रही है।