बंगाल में हो रही लोकतंत्र की हत्या, सरकार भी आतंक और भ्रष्टाचार का पर्याय हो गयी : सांसद तेजस्वी सूर्या
आंदोलन बंगाल की मुख्यमंत्री ममता के विरोध में भाजयुमो राज्य सचिवालय नवान्न चलो अभियान करेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद। भाजपा ने भ्रष्टाचार बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों पर सात सूत्री एजेंडा किया है तैयार। युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में तेजस्वी की यह पहली विरोध रैली होगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या ने गुरुवार को भाजपा के प्रस्तावित ‘नवान्न चलो अभियान’ के पहले ममता सरकार पर निशाना साधा और कहा कि बंगाल में निरंतर लोकतंत्र की हत्या हो रही है। ममता सरकार आतंक और भ्रष्टाचार का पर्याय हो गयी है। सूर्या भाजपा जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किये जाने के बाद पहली बार कोलकाता आयेंगे और अभियान में शामिल होंगे।
बंगाल आतंक व भ्रष्टाचार का पर्याय बन गयी है
सूर्या ने कोलकाता आने के पहले जारी वीडियो मैसेज में ‘नवान्न चलो अभियान’ में राज्य के लोगों से शामिल होने का आह्वान करते हुए बांग्ला में कहा, ‘पाय-पाय उड़िये धूलो, आठ तारीख नवान्न चलो यानी कदम दर कदम धूल उड़ाते हुए आठ तारीख नवान्न चलो।’ सूर्या ने कहा, ‘स्वीमी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्य धरती बंगाल ममता बनर्जी की सरकार में आतंक व भ्रष्टाचार का पर्याय बन गयी है।
तब-तक भाजयुमो निरंतर अभियान चलाता रहेगा
बंगाल में निरंतर लोकतंत्र की हत्या हो रही है। जो आतंक, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ आवाज उठाता है, उसका जीवन समाप्त कर दिया जाता है।’ सूर्या ने कहा कि अभी तक 110 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्या बंगाल में हो चुकी है। हमारे भाजपा के नेता मनीष शुक्ला की हत्या कर दी गई। सूर्या ने कहा कि जब तक एसएससी, टीटीइ में धांधली, आतंकवाद, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी से मुक्ति नहीं मिल जाती है, तब-तक भाजयुमो निरंतर अभियान चलाता रहेगा।
‘नवान्न चलो अभियान’ के तहत जुलूस निकालेंगे
पार्टी कार्यालय से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में, हावड़ा मैदान से युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या व प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौमित्र खान के नेतृत्व में, हेस्टिंग्स स्थित भाजपा कार्यालय से केंद्रीय पर्यवेक्षक व महासचिव कैलाश विजयवर्गीय व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय के नेतृत्व में व हावड़ा सांतरागाछी से सायंतन बसु व अन्य नेताओं के नेतृत्व में जुलूस निकलेंगे और ये सभी जुलूस नवान्न की ओर जायेंगे।
जुलूस को रोका गया तो करारा जवाब दिया जायेगा
भाजपा नेताओं ने धमकी दी है कि यदि उनके जुलूस को रोका गया, तो उसका करारा जवाब दिया जायेगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय ने कहा कि कानून का पालन करते हुए भाजपा को जो-जो करना है, वह करेगी। उल्लेखनीय है कि ‘नवान्न चलो अभियान’ के तहत गुरुवार को कुल चार स्थानों से जुलूस निकलेंगे।