सैनिकों की कलाइयों पर सजीं भारत रक्षा पर्व की राखियां
रक्षा बंधन जैसे पावन पर्व पर राखियां पाकर सैनिकों का मनोबल और बढ़ेगा, घर से दूर रहने की कमी नहीं खलेगी। सेना देश की रक्षा करने में पूरी तरह से तत्पर है।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। दैनिक जागरण समूह की ओर से शुरू भारत रक्षा पर्व का कारवां सिलीगुड़ी पहुंचने के साथ अपने मिशन पर आगे बढ़ चुका है। देश के विभिन्न राज्यों समेत सिलीगुड़ी व आस-पास के विद्यालयों की छात्राओं द्वारा बनाई गईं लाखों राखियों को संग्रहित कर सरहद पर देश की रक्षा में लगे सैनिक भाइयों के लिए सौंपी जा रही हैं।
इसी क्रम में सोमवार को आर्मी त्रि-शक्ति कोर, सुकना में भारत रक्षा पर्व समारोह आयोजित किया गया। इसमें जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने चीफ ऑफ आर्मी स्टॉफ मेजर जनरल राजीव कुमार समेत सेना के अन्य अधिकारियों व जवानों को राखियां बांधी। इसके अलावा सरहद पर देश की रक्षा में लगे सैनिकों के लिए राखियों के पैकेट भेंट किए।
इस मौके पर दैनिक जागरण सिलीगुड़ी यूनिट के वरिष्ठ समाचार संपादक गोपाल ओझा ने मेजर जनरल समेत अन्य अधिकारियों व जवानों को जागरण के भारत रक्षा पर्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मेजर जनरल कुमार ने दैनिक जागरण की इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि दैनिक जागरण समूह का भारत रक्षा पर्व कार्यक्रम अपने आप में काफी सराहनीय है। रक्षा बंधन जैसे पावन पर्व पर राखियां पाकर सैनिकों का मनोबल और बढ़ेगा तथा उन्हें घर से दूर रहने की कमी नहीं खलेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की रक्षा करने में पूरी तरह से तत्पर है। भारत रक्षा पर्व के माध्यम से छोटे बच्चों और विद्यार्थियों का सेना के प्रति लगाव बढ़ेगा। राखियां बांधने वाली छात्राओं को सेना की ओर से उपहार भी प्रदान किए गए।
इस मौके पर दैनिक जागरण सिलीगुड़ी यूनिट वरिष्ठ समाचार संपादक गोपाल ओझा, पब्लिक स्कूल की शिक्षिका हेमलता रतेरिया, सुष्मिता सान्याल, दैनिक जागरण ब्रांड विभाग के अवधेश दीक्षित, जागरण परिवार के शिवानंद पांडेय, राजेश प्रसाद, कानपुर से भारत रक्षा पर्व रथ के साथ आए नमन बेदी, सौरव गुप्ता समेत सेना के कई अन्य अधिकारी व जवान उपस्थित थे।