Bhabanipur by election: ममता बनर्जी ने फिर साधा भाजपा पर निशाना, कहा भाजपाई खुद के घरों पर बम फेंक कहते हैं कि हमला हो गया
भवानीपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उम्मीदवार ममता बनर्जी ने शुक्रवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। भाजपा के नेता खुद के घरों पर बम फेंकते हैं और शोर मचाते हैं कि हमला हो गया। इन पर कौन हमला करेगा? उन्हें छूने में भी शर्म आती है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भवानीपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उम्मीदवार व बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को भाजपा पर एक बार फिर जमकर निशाना साधा। भवानीपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा एक हिंसक पार्टी है। उन्होंने राज्य में हिंसा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के नेता खुद के घरों पर बम फेंकते हैं और शोर मचाते हैं कि हमला हो गया। इन पर कौन हमला करेगा? हमें उन्हें छूने में भी शर्म आती है।
टीएमसी गुंडों की पार्टी नहीं है। ममता ने आगे कहा, मैंने सुना कि भाजपा का एक कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव के महीनों बाद मर गया, ऐसी मौतें हमेशा दुर्भाग्यपूर्ण होती हैं, लेकिन वे शव लेकर मेरे घर के पास आ गए। असम में एनआरसी को लेकर कई लोग मारे गए, क्या उस पर भाजपा को शर्म है। भाजपा राज में कोई कानून नहीं है। ममता ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह पागलपन की हद तक हिंसक, निर्दयी है। ये लोग रोज उत्पात मचा रहे हैं। ये अपने खुद के घरों पर बम गिराते हैं और कहते हैं कि हमला हो गया। गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा के नेताओं ने एक दिन पहले (गुरुवार शाम) कालीघाट में ममता बनर्जी के आवास के पास एक पार्टी नेता के पार्थिव शरीर के साथ विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने हमला बोला।
माकपा ने इतना अन्याय किया, उस पर सीबीआइ केस नहीं'
ममता ने आगे कहा कि पूर्ववर्ती माकपा सरकार ने इतना अन्याय किया, क्या उसके खिलाफ कोई सीबीआइ या ईडी का केस दर्ज किया गया है? हमारी पार्टी इतनी बहादुरी से लड़ी, लेकिन उसे नहीं बख्शा जा रहा है। हमारे फोनों की पेगासस के जरिए निगरानी की जा रही है। बता दें कि भवानीपुर में 30 सितंबर को चुनाव होने हैं और ममता ताबड़तोड़ प्रचार में जुटीं हुईं हैं।