विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में दुर्गापूजा से पहले आएगी नई औद्योगिक भूमि नीति: शुभेंदु

Published: Wed, 23 Sep 2026 11:27 PM (IST)

बंगाल सरकार दुर्गापूजा से पहले नई औद्योगिक भूमि नीति लाएगी, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 33 औद्योगिक परियोजनाओं के लिए भूमि हस्तांतरण कार्यक्रम में की।

बंगाल सरकार दुर्गापूजा से पहले नई औद्योगिक भूमि नीति लाएगी

बंगाल सरकार दुर्गापूजा से पहले नई औद्योगिक भूमि नीति लाएगी

HighLights

  1. बंगाल सरकार दुर्गापूजा से पहले नई औद्योगिक भूमि नीति लाएगी।

  2. नीति में सीधे जमीन खरीद, लैंड पूलिंग, सिंगल विंडो व्यवस्था।

  3. मुख्यमंत्री ने 33 औद्योगिक परियोजनाओं को भूमि हस्तांतरित की।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार दुर्गापूजा से पहले नई औद्योगिक भूमि नीति लाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को 33 औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन हस्तांतरित करने के कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि नीति का मसौदा तैयार हो चुका है।

इसमें उद्योगों के लिए सीधे जमीन खरीद, लैंड पूलिंग और सिंगल विंडो व्यवस्था के साथ रोजगार सृजन से जुड़े प्रोत्साहन का भी प्रावधान होगा। उद्योग विभाग की ओर से कोलकाता के मिलन मेला प्रांगण में शाम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने निवेश आकर्षित करने के प्रयासों के तहत 33 औद्योगिक इकाइयों को जमीन हस्तांतरण का पत्र सौंपा।

उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया होगी सरल

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराने और उसके विकास की प्रक्रिया को सरल बनाना है। सरकार जमीन अधिग्रहण के बजाय सीधे खरीद और लैंड पूलिंग के माध्यम से औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा माहौल बनाना चाहती है, जिसमें निवेशकों और जमीन मालिकों दोनों के हित सुरक्षित रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतीत में जमीन से जुड़े मुद्दों के कारण उद्योगों को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ा, सरकार ने उससे सीख ली है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की ताकत का इस्तेमाल कर निवेशकों या किसानों को परेशान नहीं किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य उद्योग और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।उद्योग मंत्री तापस राय ने बताया कि जिन 33 परियोजनाओं के लिए जमीन सौंपी गई है, उनमें करीब 60,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं से लगभग 62,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

अंबानी ने 4-5 क्षेत्रों में निवेश का दिया है भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार देश की प्रमुख औद्योगिक कंपनियों के साथ लगातार बातचीत कर रही है। उन्होंने बताया कि मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से दो दिन पहले उनकी मुलाकात हुई है। उनके अनुसार, अंबानी ने बंगाल में 4-5 क्षेत्रों में निवेश का भरोसा दिया है।कंपनी की एक टीम अगले सप्ताह राज्य का दौरा करेगी।

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से बंगाल में निवेश करने का आह्वान करते हुए राज्य की जमीन उपलब्धता और सड़क, रेल तथा बंदरगाहों के माध्यम से पड़ोसी देशों से जुड़ी बेहतर भौगोलिक स्थिति का उल्लेख किया। उन्होंने न्यूटाउन में प्रस्तावित 2,000 बिस्तरों वाले अदाणी समूह के अस्पताल का भी जिक्र किया।

शुभेंदु ने पूर्ववर्ती वाममोर्चा सरकार की औद्योगिक भूमि नीति की भी आलोचना की और हल्दिया विकास प्राधिकरण की 2006 की जमीन अधिग्रहण संबंधी अधिसूचना का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार उद्योग लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने में किसानों और निवेशकों, दोनों के हितों को ध्यान में रखेगी।