बंगाल में तीन महीने में बनेगा अलग आयुष विभाग, कैबिनेट ने लिया फैसला
पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल ने राज्य में एक अलग आयुष विभाग के गठन को मंजूरी दे दी है, जिसके अगले तीन महीने में पूरा होने की उम्मीद है।
-1790186105937_m.webp)
आयुष विभाग का गठन तीन महीने में होगा पूरा।
HighLights
आयुष विभाग का गठन तीन महीने में होगा पूरा।
छात्रों का छात्रावास भत्ता 1,800 से 3,300 रुपये हुआ।
हावड़ा में संपत्ति कर बकाया पर 100% ब्याज छूट।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में अब आयुष के लिए अलग विभाग बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में नवान्न में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में इसके गठन को मंजूरी दी गई। स्वास्थ्य मंत्री डा शारद्वत मुखोपाध्याय ने बताया कि नए विभाग के गठन की प्रक्रिया अगले तीन महीने में पूरी होने की उम्मीद है।
अलग विभाग बनने के बाद आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी से जुड़े प्रशासनिक कार्यों के लिए स्वतंत्र विभागीय व्यवस्था होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विभाग के गठन की प्रक्रिया तीन महीने के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।इसके बाद आयुष से संबंधित कार्य अलग विभाग के माध्यम से संचालित किए जाएंगे।
मंत्रिमंडल ने अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों के छात्रावास भत्ते को भी 1,800 रुपये से बढ़ाकर 3,300 रुपये करने का फैसला किया है। इसके अलावा आदिवासियों को आवासीय जमीन के पट्टे देने का निर्णय भी लिया गया।
दूसरी ओर हावड़ा नगर निगम में संपत्ति कर के बकाये की वसूली के लिए छूट योजना शुरू करने के प्रस्ताव को राज्य मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। योजना के तहत बकाया संपत्ति कर पर जमा ब्याज और जुर्माने में 100 प्रतिशत छूट देने का प्रस्ताव है।
वहीं, मूल कर पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह सुविधा एकमुश्त भुगतान करने पर दी जाएगी। हावड़ा नगर निगम में लंबे समय से बड़ी राशि में संपत्ति कर बकाया है। इसे वसूलने के लिए करदाताओं को एकमुश्त भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योजना लाई जा रही है।
