बंगाल की रंगमंच हस्ती साउली मित्रा का निधन, पिछले कुछ समय से दिल की बीमारी से जूझ रही थीं
साउली ने अपने अभिनय जीवन में कई फिल्मों में भी काम किया। इसमें रित्विक घटक की जुक्ती तोक्को आर गोप्पो भी शामिल हैं। साउली कई वर्षों तक मशहूर थिएटर ग्रुप बहुरूपी से जुड़ी रहीं जिसकी स्थापना उनके माता-पिता तृप्ति मित्रा और शंभु मित्रा ने की थी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल की रंगमंच हस्ती साउली मित्रा (73) का रविवार को दक्षिण कोलकाता स्थित उनके निवास स्थल पर निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक साउली पिछले कुछ समय से दिल की बीमारी से जूझ रही थीं। रविवार अपरान्ह 3.40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर रंगमंच जगत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। गौरतलब है कि साउली को 2003 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, 2009 में पद्मश्री और 2012 में बंग विभूषण से सम्मानित किया गया था।
साउली ने अपने अभिनय जीवन में कई फिल्मों में भी काम किया। इसमें रित्विक घटक की 'जुक्ती, तोक्को आर गोप्पो' भी शामिल हैं। साउली कई वर्षों तक मशहूर थिएटर ग्रुप 'बहुरूपी' से जुड़ी रहीं, जिसकी स्थापना उनके माता-पिता तृप्ति मित्रा और शंभु मित्रा ने की थी। ये दोनों भी अपने जमाने के जाने-माने कलाकार थे।
साउली के निधन पर रंगमंच से जुड़े विभास चक्रवर्ती ने कहा-'वे पिछले कई सालों से बीमार थीं लेकिन पता नहीं था कि इतनी जल्दी हमें छोड़कर चली जाएंगी।' रंगमंच हस्ती रुद्रप्रसाद सेनगुप्ता ने कहा-'साउली ने वर्षों अपने दमदार अभिनय से अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को मुग्ध किया।'