Bengal Politics: कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान का दावा- कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर आइएसएफ के साथ पार्टी का हुआ था गठबंधन
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने पार्टी के बंगाल अध्यक्ष के दावे का किया खंडन। कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान का दावा है कि आइएसएफ के साथ पार्टी का गठबंधन हुआ था और ऐसा कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर किया गया था। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को भी इसकी जानकारी थी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी भले हालिया संपन्न विधानसभा चुनाव में फुरफुरा शरीफ के पीरजादा अब्बास सिद्दीकी की पार्टी इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आइएसएफ) के साथ कांग्रेस का चुनावी गठबंधन नहीं होने की बात कह रहे हों लेकिन सूबे के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान का दावा है कि आइएसएफ के साथ पार्टी का गठबंधन हुआ था और ऐसा कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर किया गया था। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को भी इसकी जानकारी थी।
फुरफुरा शरीफ जाकर अब्बास सिद्दीकी और उनके विधायक भाई नौशाद सिद्दीकी से मुलाकात करने के बाद मन्नान ने कहा कि पार्टी हाईकमान ही अब तय करेगा कि आइएसएएफ के साथ कांग्रेस का चुनावी गठबंधन हुआ था कि नहीं। हाईकमान जो कहेगा, वे उसे मान लेंगे। मन्नान ने आगे कहा कि 2011 में उन्हें पार्टी हाईकमान ने कहा था कि तृणमूल के साथ कांग्रेस का चुनावी गठबंधन होने जा रहा है इसलिए वे चुनाव में खड़े न हों। हाईकमान का निर्देश मानकर वे चुनाव नहीं लड़े थे। सोनिया गांधी के निर्देश पर उन्होंने राज्यसभा में नामांकन दाखिल करने के बाद भी उसे वापस ले लिया था।
अधीर पर परोक्ष तौर पर निशाना साधते हुए मन्नान ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और बंगाल में उनसे पुराना पार्टी नेता कोई नहीं है लेकिन अगर कोई यह सोच रहा है कि उनपर तानाशाही चलाएंगे तो वे इसे नहीं मानेंगे। गौरतलब है कि आइएसएफ के साथ चुनावी गठबंधन के लिए हाईकमान ने मन्नान को ही अब्बास सिद्दीकी से बातचीत करने को कहा था। मन्नान ने कहा कि दिल्ली से उन्हें गठबंधन के लिए बातचीत करने का निर्देश मिला था। अब अगर हाईकमान गठबंधन तोड़ने के लिए कहेगा तो वे वैसा करेंगे।