'अपराधियों पर ऐसे ही होगी सख्त कार्रवाई', बंगाल के मंत्री अशोक कीर्तनिया ने किया दुष्कर्म के आरोपी के एनकाउंटर का समर्थन
बंगाल के खाद्य आपूर्ति मंत्री अशोक कीर्तनिया ने गायघाटा दुष्कर्म-हत्या आरोपी के पुलिस एनकाउंटर का समर्थन किया, चेतावनी दी कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को परिणाम भुगतने होंगे।

मंत्री कीर्तनिया ने किया दुष्कर्म के आरोपी के एनकाउंटर का समर्थन (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के खाद्य आपूर्ति मंत्री अशोक कीर्तनिया ने उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में किशोरी से दुष्कर्म व हत्या के आरोपित की मंगलवार तड़के पुलिस एनकाउंटर में मौत की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ घिनौने अपराध में शामिल लोगों को उचित परिणाम भुगतने होंगे।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कीर्तनिया ने कहा कि यह भाजपा सरकार है और शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री हैं। जो लोग गलत काम करते हैं और महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऐसे अपराध करते हैं, उन्हें उचित कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
मंत्री ने कहा कि अगर कोई पुलिसकर्मी पर हमला करता है, तो क्या पुलिस उन्हें छोड़ देगी? पुलिस को पूरे अधिकार दिए गए हैं। यह पुलिस फोर्स पिछली सरकार की तरह नहीं है। आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कीर्तनिया ने कहा कि गुंडागर्दी करने वालों और दुष्कर्म करने वालों को अपनी हरकतें बंद कर देनी चाहिए वरना भविष्य में उनका भी वही हाल होगा जो अभी हुआ है।
वहीं, बंगाल से भाजपा के राज्यसभा सदस्य व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि हम किसी भी हालत में दुष्कर्मियों का साथ नहीं देंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। हमने यह पहले भी कहा है और हम अपने कामों से इसे साबित करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के समय बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध का माहौल था और ममता बनर्जी ने अपराधियों का साथ दिया और पीड़ितों को बेइज्जत किया था। इसकी वजह से बंगाल दुष्कर्मियों के लिए जाना जाने वाला राज्य बन गया था। अब ऐसा नहीं होगा। राज्य सरकार महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को बिल्कुल खत्म करेगी और महिलाओं को सिर ऊंचा करके चलने वाला माहौल बनाएगी।
तृणमूल सांसद ने एनकाउंटर की न्यायिक जांच की मांग की
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत राय ने घटना के हालात पर सवाल उठाए और स्वतंत्र जांच की मांग की। राय ने कहा कि यह पुलिस द्वारा एनकाउंटर में की गई हत्या है। पुलिस ने पहले भी ऐसा किया है, और ऐसा लगता है कि यहां भी ऐसा ही हुआ है। इस मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए।
मालूम हो कि पिछले हफ्ते बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में एक किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित प्रहलाद दास की मंगलवार तड़के पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई।
