ब्लॉगर बने बंगाल के मंत्री अशोक कीर्तनिया, बनगांव के दुर्गा पूजा पंडालों का बना रहें वीडियो
बंगाल के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री अशोक कीर्तनिया इस दुर्गा पूजा पर ब्लॉगर बन गए हैं। वे बनगांव में गांधीपल्ली ...और पढ़ें

ब्लॉगर बने बंगाल के मंत्री अशोक कीर्तनिया (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
मंत्री अशोक कीर्तनिया दुर्गा पूजा के लिए ब्लॉगर बने।
बनगांव के गांधीपल्ली पूजा पंडाल की सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन।
बंगाल की कला, संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा दे रहे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री अशोक कीर्तनिया इस बार दुर्गा पूजा पर ब्लॉगर बन गए हैं और लैपल माइक्रोफोन तथा मोबाइल फोन के कैमरे की मदद से त्योहार की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित कर रहे हैं।
साथ ही उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में अपने गृह व विधानसभा क्षेत्र के पूजा पंडालों में लोगों को आने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
बांग्लादेश की सीमा से सटे बनगांव उत्तर से भाजपा के विधायक कीर्तनिया शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर ‘गांधीपल्ली युवा समाज स्पोर्टिंग क्लब’ के दुर्गा पूजा पंडाल का वर्चुअल भ्रमण कराते दिखे।
इस दौरान उन्होंने पंडाल की कलाकृतियों के बारे में बताया और बंगाल की समृद्ध कलात्मक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को रेखांकित किया।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह दुर्गा पूजा के लिए ब्लॉगर बन गए हैं, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि इसमें क्या गलत है?
‘गांधीपल्ली युवा समाज स्पोर्टिंग क्लब’ इस साल अपनी 78वीं दुर्गा पूजा मना रहा है। इसकी थीम राज्य की विरासत, संस्कृति और कला पर केंद्रित है।
पंडाल के बाहरी हिस्से में स्वामी विवेकानंद, उपन्यासकार एवं ‘वंदे मातरम’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और मशहूर अभिनेता उत्तम कुमार सहित बंगाल की कई जानी-मानी हस्तियों के चित्र लगाए गए हैं।
कीर्तनिया ने कहा कि वह इस क्लब से भावनात्मक जुड़ाव के कारण दुर्गा पूजा पंडाल का प्रचार कर रहे हैं। यह क्लब उनके आवास के पास स्थित है। मंत्री ने कहा कि भविष्य में यदि अन्य दुर्गा पूजा आयोजनों के आयोजक उनसे आग्रह करेंगे, तो वह उनके लिए भी प्रचार करेंगे।
