बंगाल के स्कूलों में मिड-डे मील में अंडा मिलेगा या नहीं? कोलकाता में इस्कॉन को मिली खाने की जिम्मेदारी
बंगाल में मिड डे मील से अंडे हटाने की अटकलों पर सियासी घमासान तेज हो गया है, जिसमें टीएमसी ने भाजपा पर बच्चों पर शाकाहार थोपने का आरोप लगाया है।

मिड-डे मील में अंडा मिलेगा या नहीं?
HighLights
मिड डे मील से अंडे हटाने की अटकलों पर विवाद।
टीएमसी ने भाजपा पर शाकाहार थोपने का आरोप लगाया।
इस्कॉन और सरकार ने अभी नहीं की पुष्टि।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के स्कूलों में मिड डे मील से अंडा हटाए जाने की अटकलों के बीच सियासी विवाद तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन ने भाजपा पर बच्चों पर शाकाहार थोपने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंडा हटाने से बच्चों के पोषण पर असर पड़ेगा और बंगाल इसे स्वीकार नहीं करेगा।
डेरेक ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि चुनाव के दौरान मछली खाने को लेकर विवाद खड़ा करने के बाद अब नई भाजपा सरकार बच्चों को अंडे से वंचित कर शाकाहार थोपने की कोशिश कर रही है।
मिडे-डे मील में अंडे पर घमासान
डेरेक ओ'ब्रायन का दावा है कि यह बच्चों के पोषण के साथ समझौता है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब इंटरनेट मीडिया पर यह दावा किया गया कि मिड डे मील में अंडे की जगह पनीर और सोयाबीन दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को राज्य का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने घोषणा की थी कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के स्कूलों में मिड डे मील की जिम्मेदारी इस्कॉन को दी जाएगी।
फिलहाल मिड डे मील में अंडा परोसा जाएगा या नहीं, इस संबंध में सरकार अथवा इस्कॉन की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इस्कॉन कोलकाता के उपाध्यक्ष राधारमण दास ने कहा कि वायरल मेन्यू इस्कॉन की ओर से जारी नहीं किया गया है और अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। मेन्यू तय होने के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, तीन की मौत, 18 निकाले गए
