बंगाल में अक्टूबर से जमीन-मकान रजिस्ट्रेशन होगा पेपरलेस, ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग से मिलेगी सुविधा
बंगाल में अक्टूबर से जमीन और मकान के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पेपरलेस हो जाएगी। इसके साथ ही ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग ...और पढ़ें
-1789824411803_m.webp)
एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में जमीन-मकान के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो अक्टूबर से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पेपरलेस करने के साथ ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग की सुविधा शुरू हो जाएगी। राज्य सचिवालय नवान्न के अनुसार, दोनों व्यवस्थाओं के लिए तकनीकी तैयारियां काफी आगे बढ़ चुकी हैं।
ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग शुरू होने के बाद जमीन या मकान का रजिस्ट्रेशन कराने वालों को रजिस्ट्री कार्यालय जाने से पहले ही अपनी सुविधा के अनुसार समय बुक करने का विकल्प मिलेगा। इससे कार्यालयों में भीड़ कम करने और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में लगने वाला समय घटाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार ने जून में पेश अपने पहले बजट में प्रशासन को चरणबद्ध तरीके से पेपरलेस बनाने की योजना घोषित की थी। इसी के तहत जमीन और मकान के रजिस्ट्रेशन में ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग शुरू करने की घोषणा की गई थी। इसके बाद संबंधित विभाग में तकनीकी ढांचा तैयार करने का काम शुरू हुआ।
राजस्व बढ़ाने पर भी सरकार की नजर
सरकार का उद्देश्य रजिस्ट्रेशन व्यवस्था को आसान, पारदर्शी और समय बचाने वाला बनाना है। प्रशासन का मानना है कि तकनीक के इस्तेमाल से दस्तावेजों के रखरखाव, काम की निगरानी और सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाई जा सकती है।
साथ ही सरकार को उम्मीद है कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होने से जमीन-मकान के पंजीकरण से मिलने वाले राजस्व में भी वृद्धि होगी। पेपरलेस व्यवस्था से सरकारी कार्यालयों में कागजी फाइलों का बोझ घटाने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलने की बात कही जा रही है। नई व्यवस्था लागू होने पर रजिस्ट्रेशन विभाग में यह महत्वपूर्ण तकनीकी बदलाव होगा।
