भाजपा पर जमकर बरसे बंगाल के श्रम मंत्री बेचाराम मन्ना, कहा- देश के विकास में अवरोधक बनी हुई है भाजपा
श्रम मंत्री बेचाराम मन्ना ने कहा कि 2024 के चुनाव में ममता बनर्जी की आवाज पूरे भारत में गूंजेगी। ममता बनर्जी बंगाल में चौतरफा विकास कर रही हैं। आम जनता के घर- घर जाकर उनकी तकलीफों को दूर करने की चेष्टा कर रही हैं
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। हुगली के हरिपाल के नालीकुल में ब्लाक तृणमूल कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के कार्यक्रम में पहुंचे राज्य के श्रम मंत्री व सिंगुर के विधायक बेचाराम मन्ना भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के विकास में अवरोधक बनी हुई है। देश की संपत्तियों को नीलाम कर रही है। धर्म के नाम पर देश की जनता को बांटकर अपनी राजनीति की रोटी सेंक रही है, इसलिए भाजपा के खिलाफ आंदोलन को तेज करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में ममता बनर्जी की आवाज पूरे भारत में गूंजेगी। ममता बनर्जी बंगाल में चौतरफा विकास कर रही हैं। आम जनता के घर- घर जाकर उनकी तकलीफों को दूर करने की चेष्टा कर रही हैं इसलिए अभी से ममता बनर्जी के विकास मूलक कार्यों का जोर शोर से प्रचार प्रसार करना होगा। इस कार्यक्रम में तारकेश्वर के विधायक रामेंदु सिंहराय, हरिपाल के विधायक डा करबी मन्ना सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।
मंत्री के सहयोग से मृतकों के शव को लाने की व्यवस्था की गई
इधर, उत्तराखंड में ट्रैकिंग पर गए बंगाल के विष्णुपुर के मृत चार लोगों के शव को परिवहन राज्य मंत्री व विष्णुपुर के विधायक दिलीप मंडल के सहयोग से लाने की व्यवस्था की गई है। मंत्री के अनुुसार, उत्तराखंड प्रशासन की ओर से दु:खद सूचना स्वजनों को दी गई थी। इसके बाद मंत्री ने सूचना पाकर उत्तराखंड के लिये कई वाहनों को रवाना किया। मंत्री के अनुुसार विष्णुपुर ब्लाक के विकास माखाल (33), सौरभ घोष (34), सुखेेन मांझी (43) और रिचर्ड मंडल नामक युवकों के शव की शिनाख्त की गई है। चारों विष्णुपर थानांतर्गत पानाकुआ ग्राम पंचायत के नेपालगंज के रहने वाले थे।