बंगाल: सरकारी अस्पतालों में रुपये देकर अपनी ड्यूटी कराने के आरोप, इंटर्न डॉक्टरों को स्वास्थ्य मंत्री की हिदायत
बंगाल के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न डॉक्टर रुपये देकर अपनी ड्यूटी दूसरों से करवा रहे हैं, जिससे फर्जी हाजिरी का रिकॉर्ड बन रहा है।

इंटर्न डॉक्टरों की ड्यूटी में हेराफेरी पर स्वास्थ्य मंत्री की सख्त हिदायत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न डॉक्टरों की ड्यूटी में हेराफेरी के मामले सामने आए हैं। आरोप है कि कुछ इंटर्न डॉक्टर रुपये देकर अपनी जगह दूसरे लोगों से ड्यूटी करवा रहे हैं। कई बार पूरे दिन, कभी आठ घंटे तो कभी दो घंटे की ड्यूटी दूसरे को सौंप दी जाती है।
इस बाबत एक विशेष वाट्सऐप ग्रुप तैयार किया गया है। इसमें ड्यूटी करवाने के लिए रुपये देने की पेशकश की जाती है। कहीं प्रति घंटे 200 रुपये, तो कहीं 250 रुपये तक की दर तय होती है।
सबसे गंभीर बात यह है कि दूसरे के स्थान पर ड्यूटी करने वाला मूल डॉक्टर के नाम से ही हाजिरी दर्ज कराता है। इससे सरकारी मेडिकल कालेजों में फर्जी हाजिरी का रिकॉर्ड तैयार होने की आशंका है। दो को छोड़कर लगभग सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पिछले तीन साल से यह गोरखधंधा चलने का दावा किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय ने जानकारी मिलने पर कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि उन्हें निजी मेडिकल कॉलेजों से जुड़े लोगों को बुलाकर सरकारी संस्थानों में ड्यूटी कराने की भी जानकारी मिली है।
