विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: पति ने खरीदी नई कार, ड्राइविंग सीखने के दौरान महिला गाड़ी समेत तालाब में गिरी; डूबकर मौत

Published: Wed, 12 Aug 2026 07:09 PM (IST)

कोलकाता के केष्टोपुर में एक गृहिणी की नई कार से ड्राइविंग सीखते समय तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।

तालाब में डूबकर महिला की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

तालाब में डूबकर महिला की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. केष्टोपुर में नई कार सीखने के दौरान हुआ हादसा।

  2. गृहिणी सुमित्रा दास की तालाब में डूबकर मौत।

  3. ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दबने से हुआ हादसा।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता के केष्टोपुर इलाके में बुधवार की सुबह एक बेहद मर्माहत कर देने वाली दुर्घटना सामने आई है।

पति द्वारा हाल ही में खरीदी गई नई कार से ड्राइविंग सीखने के लिए निकली एक गृहिणी की गाड़ी समेत तालाब में डूब जाने से दर्दनाक मौत हो गई। एक छोटी सी भूल के कारण अनियंत्रित हुई गाड़ी सीधे केष्टपुर के एक गहरे तालाब में जा समाई।

दमकल विभाग और बागुईआटी थाने की पुलिस की संयुक्त रूप से लगभग डेढ़ घंटे तक चली भारी मशक्कत के बाद पानी के भीतर से कार और महिला को बाहर निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सुमित्रा दास के रूप में हुई है, जो कि केष्टोपुर के प्रफुल्ल कानन इलाके की स्थायी निवासी थीं।

तालाब में डूबकर महिला की मौत

बुधवार की सुबह की शुरुआत उनके परिवार के लिए सामान्य दिनों की तरह ही हुई थी। सुबह उन्होंने अपनी छोटी बेटी को स्कूटी पर बैठाकर विधिवत स्कूल छोड़ने गई।

इसके बाद घर लौटने पर उन्होंने स्कूटी को घर पर पार्क कर दिया और फिर अपने पति कृष्णेंदू दास द्वारा हाल ही में शोरूम से लाई गई बिल्कुल नई कार को लेकर घर से बाहर निकल पड़ीं।

पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतका सुमित्रा दास के पास अभी तक कार चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस नहीं आया था।

आगामी 22 अगस्त को उनका ड्राइविंग टेस्ट यानी लाइसेंस परीक्षा होनी थी, जिसकी तैयारी के लिए ही उन्होंने बुधवार को उस नई कार को सड़क पर निकालने का निर्णय लिया था।

पुलिस की प्राथमिक जांच के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि गाड़ी चलाते वक्त अचानक ब्रेक दबाने के बजाय महिला का पैर गलती से कार के एक्सीलेटर पर जोर से पड़ गया होगा। इसके कारण पलक झपकते ही गाड़ी पूरी तरह से अनियंत्रित हो गई और सड़क से सीधे फिसलते हुए पास के गहरे तालाब में जा गिरी।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक कैबिनेट विस्तार: CM डीके शिवकुमार ने विभागों का किया बंटवारा, किसे क्या मिला?