बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने आइपीएस अधिकारी ज्ञानवंत सिंह की पदोन्नति पर उठाया सवाल
राज्य प्रशासन से उनके खिलाफ चल रहे कानूनी मामले पर मांगी रिपोर्ट 29 दिसंबर तक की दी समय सीमा। राज्य के अतिरिक्त महानिदेशक पद पर आसीन ज्ञानवंत सिंह के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट में एक मामला चल रहा है। धनखड़ ने राज्य प्रशासन से उक्त मामले की प्रगति जाननी चाही है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने आइपीएस अधिकारी ज्ञानवंत सिंह की पदोन्नति पर सवाल उठाते हुए राज्य प्रशासन से उनके खिलाफ चल रहे कानूनी मामले पर रिपोर्ट मांगी है। राज्यपाल ने ट्वीट कर 29 दिसंबर तक रिपोर्ट जमा करने को कहा है। ट्वीट में उन्होंने राज्य के गृह सचिव एचके द्विवेदी का उल्लेख किया है। राज्यपाल के इस ट्वीट से राजभवन और राज्य सचिवालय के बीच टकराहट और बढ़ गई है।
गौरतलब है कि राज्यपाल इससे पहले भी आइपीएस अधिकारी ज्ञानवंत सिंह की पदोन्नति पर सवाल उठा चुके हैं। गौरतलब है कि वर्तमान में राज्य के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून व्यवस्था) के पद पर आसीन ज्ञानवंत सिंह के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट में एक मामला चल रहा है। धनखड़ ने राज्य प्रशासन से उक्त मामले की प्रगति जाननी चाही है। राज्यपाल का कहना है कि राज्य सचिवालय ने अब तक उन्हें उसकी रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है।
धनखड़ का सवाल है कि जिस आइपीएस अफसर के खिलाफ अदालत में मामला चल रहा है, उसकी पदोन्नति कैसे की जा सकती है? राज्य पुलिस में उसे शीर्षस्थ अधिकारी के पद पर कैसे बरकरार रखा जा सकता है? गौरतलब है कि राज्यपाल बंगाल की पुलिस पर हमेशा निशाना साधते आए हैं। वे पुलिस पर विभिन्न मामलों में निष्क्रिय रहने और उसके राजनीतिकरण का भी आरोप लगा चुके हैं। हाल में दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर इलाके में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले को लेकर भी उन्होंने पुलिस की भूमिका की जमकर आलोचना की थी।