Move to Jagran APP

Bengal flood: बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद डीवीसी पर जमकर बरसीं सीएम, भाजपा बोली- ममता जिम्‍मेदार

बंगाल के विभिन्न जिलों में बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) पर जमकर बरसीं। उन्होंने उनकी सरकार को बिना बताए बांधों का पानी छोड़ने को सीधे तौर पर अपराध करार दिया

By Vijay KumarEdited By: Published: Sat, 02 Oct 2021 05:40 PM (IST)Updated: Sat, 02 Oct 2021 05:55 PM (IST)
Bengal flood: बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद डीवीसी पर जमकर बरसीं सीएम, भाजपा बोली- ममता जिम्‍मेदार
डीवीसी पर जमकर बरसीं सीएम, भाजपा बोली- ममता जिम्‍मेदार

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के विभिन्न जिलों में बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) पर जमकर बरसीं। उन्होंने उनकी सरकार को बिना बताए बांधों का पानी छोड़ने को सीधे तौर पर 'अपराध' करार दिया, साथ ही केंद्र सरकार से बाढो़ं को नियंत्रित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने का अनुरोध किया। शुक्रवार को हुगली जिले के बाढ़ प्रभावित आरामबाग क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद वहां के एक राहत शिविर में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा-'डीवीसी ने 5.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, जिससे बंगाल के आठ जिले बाढ़ग्रस्त हो गए।

loksabha election banner

चार लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। डीवीसी ने चार बार पानी छोड़ा। पानी छोड़ने से पहले एक बार भी बंगाल सरकार को सूचित नहीं किया। बाढ़ से एक लाख घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यह एक अपराध है। हम इसका प्रतिवाद करते हैं और झारखंड सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते हैं।

केंद्र से मास्टर प्लान तैयार करने का अनुरोध

ममता ने कहा कि हम केंद्र से भी बाढो़ं को नियंत्रित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने का अनुरोध करते हैं। यह मानव जनित बाढ़ है।अगर झारखंड सरकार ने अपने बांधों की ड्रेजिंग कराई होती तो बंगाल को इतनी विकट स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो राज्य सरकार डीवीसी से मुआवजे की मांग करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री को फिर इस बारे में पत्र लिखेंगी।

--------------

नहीं छोड़ते पानी तो चली जाती हजारों लोगों की जान : डीवीसी

दूसरी तरफ डीवीसी ने सफाई पेश करते हुए कहा कि बंगाल सरकार व उसके संबंधित अधिकारियों को लिखित तौर पर सूचित करके ही डीवीसी के पंचेत व मैथन डैम से पानी छोड़ा गया था। अगर दोनों डैम से पानी नहीं छोड़ा जाता तो उनके टूटने की आशंका थी, जिससे बंगाल में हजारों लोगों की जान चली जाती।

बंगाल में बाढ़ के लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार, भगवान भी नहीं करेंगे माफ : सुवेंदु

बंगाल के कई जिलों में आई बाढ़ के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा शनिवार को एक बार फिर दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) को जिम्मेदार ठहराए जाने पर विधानसभा में विपक्ष के नेता व नंदीग्राम से भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने पलटवार करते हुए सीएम पर करारा हमला बोला। सुवेंदु ने डीवीसी का बचाव करते हुए कहा कि बाढ़ के लिए खुद ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भवानीपुर उपचुनाव में व्यस्त थीं और अपनी कुर्सी बचाने के लिए उन्होंने 50 लाख लोगों को संकट में डाल दिया है।

सुवेंदु ने यहां तक कहा कि ममता बनर्जी ने ऐसा जघन्य अपराध किया है कि भगवान भी उन्हें माफ नहीं करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में बाढ़ के लिए ममता बनर्जी और उनकी सरकार जिम्मेदार है, डीवीसी का इससे कोई लेना-देना नहीं है। ममता बनर्जी की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती सरकार में सिंचाई मंत्री रहे सुवेंदु ने आगे कहा कि पहले हर साल मानसून से पूर्व बांध की मरम्मत आदि का काम किया जाता था लेकिन इस बार कुछ नहीं किया गया। राज्य सरकार वोट बैंक के लिए सिर्फ भत्ता देने के काम में व्यस्त है। इसीलिए आज लाखों लोगों को बाढ़ जैसी संकटों का सामना करना पड़ रहा है।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.