PM मोदी के बर्थडे के दिन बंगाल में अब हर साल मनाया जाएगा 'अन्नपूर्णा दिवस', सीएम शुभेंदु का एलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर अब हर वर्ष बंगाल में 'अन्नपूर्णा दिवस' के रूप में मनाया जाएगा।

पीएम मोदी का जन्मदिन अब हर वर्ष 'अन्नपूर्णा दिवस': CM शुभेंदु

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में मई में हुए सत्ता परिवर्तन व भाजपा की सरकार बनने के बाद गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 76वां जन्मदिन पूरे राज्य में पहली बार अन्नपूर्णा दिवस के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर कोलकाता के साल्टलेक स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को अब हर वर्ष बंगाल में ‘अन्नपूर्णा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में पीएम मोदी की गारंटी के तहत अन्नपूर्णा योजना लागू की गई है, जिसके माध्यम से राज्य की बड़ी संख्या में महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता दी जा रही है।
पीएम मोदी का जन्मदिन अब हर वर्ष 'अन्नपूर्णा दिवस'
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अन्नपूर्णा दिवस पर 1.58 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों के सीधे बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा इस योजना के तहत तीन-तीन हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। उन्होंने कहा कि पिछले महीने के मुकाबले लगभग 10 लाख और महिलाओं को इस योजना में शामिल किया गया है।
शुभेंदु ने कहा कि अगस्त में करीब 1.48 करोड़ महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना की राशि मिली थी। इस योजना के तहत 25 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।
महिलाओं की सुरक्षा और नशामुक्त बंगाल पर जोर
बंगाल में मई में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह योजना शुरू की गई थी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 लाख लाभार्थियों की सूची तैयार करने की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत बनाए जाने वाले सभी नए मकानों का स्वामित्व महिलाओं के नाम होगा। राज्य सरकार ने दावा किया कि प्रथम अन्नपूर्णा दिवस पर मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में लगभग एक लाख महिला लाभार्थी शामिल हुईं।
महिलाओं की सुरक्षा और नशामुक्त बंगाल पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने कहा कि पिछले चार महीनों में राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति समाप्ति चटर्जी की अध्यक्षता में आयोग गठित किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि राज्य में किसी महिला के साथ अत्याचार न हो। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से नशामुक्त बंगाल के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान भी किया।
