Bengal Covid-19 : 'आत्मघाती'' सार्वजनिक रैलियों को लेकर डॉक्टर्स फोरम चिंतित, राजनीतिक दलों को किया आगाह
Bengal Covid-19 हम राजनीतिक दलों से कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने का अनुरोध करते हैं। मगर शारीरिक दूरी के नियम का भी पालन नहीं किया जा रहा। अगर दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया जाएगा तो कोई भी अनर्गल जनसभा नरसंहार में बदल सकती है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : वेस्ट बंगाल डॉक्टर्स फोरम ने राज्यभर में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा आयोजित की जा रही रैलियों व जनसभाओं पर चिंता व्यक्त की है। इसे 'आत्मघाती' और 'अस्वास्थ्यकर' करार देते हुए डॉक्टर्स फोरम ने राजनीतिक दलों को इसके अंजाम के प्रति आगाह किया है। साथ ही उनसे सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि उनकी रैलियों में शामिल होने वाले सभी मास्क पहनें और शारीरिक दूरी बनाए रखें।
...तो महामारी से निपटना असंभव ही होगा
डॉक्टर्स फोरम ने बयान जारी कर कहा-'हर दिन कोई न कोई पार्टी रैली या सार्वजनिक सभा आयोजित कर रही है। ज्यादातर में मास्क गायब थे। शारीरिक दूरी के नियम का भी पालन नहीं किया जा रहा। डॉक्टरों के संगठन के रूप में हम इसे लेकर चिंतित हैं। अगर कोरोना मामले और बढ़ जाते हैं तो महामारी से निपटना असंभव होगा।
लोगों को खतरे में डालने के बजाय जान बचाएं
हमें पता है कि अगले साल बंगाल में विधानसभा चुनाव है। हम राजनीतिक दलों से कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने का अनुरोध करते हैं। अगर दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया जाएगा तो कोई भी अनर्गल जनसभा 'नरसंहार' में बदल सकती है। राजनीतिक दल लोगों को खतरे में डालने के बजाय उनकी जान बचाएं।'