बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ममता के क्रियाकलाप देखकर हैरान हैं उनका सम्मान करने वाले कांग्रेस नेता
बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि गांधी परिवार ममता बनर्जी से बहुत स्नेह करता है। कांग्रेस के केंद्रीय नेता भी उनका बहुत सम्मान करते हैं लेकिन पिछले कुछ समय में ममता के क्रियाकलाप देखकर वे हैरान हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि गांधी परिवार ममता बनर्जी से बहुत स्नेह करता है। कांग्रेस के केंद्रीय नेता भी उनका बहुत सम्मान करते हैं लेकिन पिछले कुछ समय में ममता के क्रियाकलाप देखकर वे हैरान हैं। अधीर ने आगे कहा कि ममता भाजपा को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। दरअसल सीबीआइ व ईडी के डर से तृणमूल भाजपा की मदद कर रही है।
अधीर ने कहा-' बंगाल में हमलोगों पर अत्याचार हो रहा है, इतने दिनों तक हमारे दिल्ली के नेता इस बात पर यकीन नहीं करते थे। वे ममता को आदर्श नारी के तौर पर देखते थे लेकिन अब वही लोग अवाक हैं। बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि तृणमूल की राष्ट्रीय तौर पर विस्तार की योजना के पीछे उनके चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर हैं। तृणमूल प्रशांत किशोर के इशारे पर नाच रही है और कांग्रेस को कमजोर करने में जुट गई है। अधीर ने सवाल किया कि कांग्रेस को कमजोर करके क्या भाजपा को हराया जा सकता है?
ममता जिसकी मदद से बंगाल की सत्ता पर काबिज हुई, अब उसी को खत्म करने की कोशिश कर रही है। अधीर ने कहा कि कांग्रेस बंगाल में फिर से वापसी करेगी। इससे पहले कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से तृणमूल को गोवा में चुनाव लड़ने के फैसले पर पुनर्विचार करने की भी नसीहत दी जा चुकी है।कांग्रेस ने इसे तृणमूल का चुनावी पर्यटन करार दिया है।