विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: खरगे के बचाव में उतरी कांग्रेस, विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा पर उठाए सवाल

Published: Mon, 26 Oct 2026 11:26 PM (IST)

बंगाल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी पर मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर भाजपा के विरोध प्रदर्शन के बीच खरगे का बचाव किया है।

बंगाल कांग्रेस ने खरगे का किया बचाव

बंगाल कांग्रेस ने खरगे का किया बचाव

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बीच बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने खड़गे का बचाव किया है।

उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक शिष्टाचार की मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में आज वोट चोरी का मुद्दा प्रमुखता से उठ रहा है और इसी से ध्यान भटकाने के लिए खरगे को निशाना बनाया जा रहा है।

शुभंकर सरकार ने कहा कि उत्तराखंड में खरगे जैसे वरिष्ठ नेता के साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ, वह उचित नहीं था। बिहार में भाषण के दौरान भी उन्हें बीच में टोका गया और प्रधानमंत्री के नहीं जाने संबंधी नारे लगाए गए।

सरकार के मुताबिक, इसी के जवाब में खड़गे ने टिप्पणी की थी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को ‘नान-बॉयोलाजिकल’ बता चुके हैं और खड़गे ने उनकी मां का उल्लेख कर सम्मान ही प्रकट किया है। भाजपा ने खरगे की टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए सोमवार को देशभर में प्रदर्शन कर उनसे माफी की मांग की।

दूसरी ओर, कोलकाता नगर निगम चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम शामिल करने का मुद्दा भी प्रदेश कांग्रेस ने उठाया है। पार्टी के अनुसार, कोलकाता के करीब 1.20 लाख मतदाताओं के नाम अब तक सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इनमें कई मामले एडजुडिकेशन प्रक्रिया में अटके हैं, जबकि कुछ ट्रिब्यूनल में लंबित हैं।

शुभंकर सरकार ने सोमवार को बताया कि इस मुद्दे पर जवाहर सरकार, तृणमूल कांग्रेस, माकपा और प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधियों के संयुक्त दल ने राज्य चुनाव आयोग को पत्र देकर नाम जल्द शामिल करने की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए बिना नगर निगम चुनाव कराना उचित नहीं होगा। इसी मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस 30 अक्टूबर को आयोग कार्यालय तक मार्च निकालकर ज्ञापन सौंपेगी।

कॉलेज स्ट्रीट या हिंद सिनेमा के सामने से जुलूस निकालने की योजना है। कांग्रेस ने जरूरत पड़ने पर मतदाता सूची की समस्या दूर होने तक चुनाव स्थगित रखने की मांग भी की है।