बंगाल के कांग्रेस अध्यक्ष सोमन मित्रा को सांस लेने में दिक्कत और बुखार, कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव
सांस की तकलीफ के कारण सोमन मित्रा मंगलवार को आइसीयू में स्थानांतरित किया गया है फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। बंगाल के कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा बीमार हो गए हैं। बुखार और सांस की तकलीफ के साथ उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सांस की तकलीफ के कारण उन्हें मंगलवार को आइसीयू में स्थानांतरित किया गया है। स्थिति स्थिर है।
अस्पताल की ओर से कहा गया है कि सोमेन मित्रा को सांस लेने में परेशानी के साथ कुछ और अन्य समस्याएं हैं। इसलिए डॉक्टरों ने उन्हें एसीयू से आइसीयू में ले जाने का फैसला किया है। उनकी वहां निगरानी की जा रही है। उनका कोरोना परीक्षण हुआ है। पहली रिपोर्ट नकारात्मक है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सोमेन मित्रा का क्रिएटिनिन स्तर ऊपर चला गया है। पहले भी ऐसी समस्याएं हुई थी। उनका परिवारिक डॉक्टर भी उसी अस्पताल में डॉक्टर है। परिवार के सदस्यों ने कहा कि उनका क्रिएटिनिन स्तर बढ़ गया तो चिकित्सक ने अस्पताल में भर्ती कराने को कहा।
सोमेन मित्रा के बेटे रोहन मित्रा ने कहा कि पिताजी का क्रिएटिनिन स्तर थोड़ा अधिक है। कई दिनों से शारीरिक व्यायाम बंद था और भोजन में भी अनियमितताएं बरत रहे थे। यही वजह है वे बीमार हो गए हैं।