बंगाल: 'एनकाउंटर के जरिए भय का माहौल बनाया जा रहा है', कांग्रेस ने शुभेंदु सरकार को घेरा
बंगाल कांग्रेस ने देश में एनकाउंटर के जरिए भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।

देश में एनकाउंटर के जरिए भय का माहौल बनाया जा रहा है-कांग्रेस
HighLights
कांग्रेस ने एनकाउंटर से देश में भय का माहौल बताया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
चुनाव धांधली पर कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन जारी।
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। कांग्रेस के बंगाल पर्यवेक्षक संजय कपूर ने आरोप लगाया कि देश में एनकाउंटर के जरिए भय का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र संविधान के अनुसार चलता है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
यदि कोई दोषी है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने देश और बंगाल में भयमुक्त सरकार की जरूरत पर जोर दिया। बता दें कि बंगाल में एक दिन पहले ही एनकाउंटर की दो घटनाएं हुईं। दोनों ही मामलों में आरोपित की एनकाउंटर में मौत हो गई है।
जलपाईगुड़ी जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में संजय कपूर ने चुनाव में धांधली का मुद्दा उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति ने इस संबंध में निर्णय लिया है और पार्टी देशभर में आंदोलन कर रही है। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संजय कपूर ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त की गलतियों और उनके खिलाफ कार्रवाई के प्रावधानों को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने ऐसा कानून बनाया है, जिसके तहत मुख्य चुनाव आयुक्त के गलत या आपराधिक कार्यों के लिए भी उनके खिलाफ कार्रवाई करना मुश्किल है। कांग्रेस इस व्यवस्था को उचित नहीं मानती।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें जलपाईगुड़ी जिले समेत विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन कर रही है।
निकाय चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने पर जोर
कांग्रेस पर्यवेक्षक ने कहा कि आगामी नगर निकाय और नगर निगम चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए ब्लाक स्तर पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात और जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारी से पहले संगठन की बुनियाद मजबूत करना जरूरी है। इसके बाद पार्टी आगे की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।
