बंगाल: बैन कफ सीरप के खिलाफ सीएम शुभेंदु का एक्शन, 3.10 लाख बोतलों पर चलवाया रोड रोलर
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के न्यूटाउन में 31 करोड़ रुपये मूल्य की 3.10 लाख प्रतिबंधित कफ सीरप की बोतलों को रोड रोलर से नष्ट किया।
HighLights
मुख्यमंत्री शुभेंदु ने 3.10 लाख प्रतिबंधित कफ सीरप बोतलें नष्ट कीं।
कोलकाता के न्यूटाउन में 31 करोड़ रुपये मूल्य की कार्रवाई।
नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशे के खिलाफ सख्त संदेश।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कोलकाता से सटे न्यूटाउन में लगभग 31 करोड़ रुपये मूल्य की 3.10 लाख प्रतिबंधित कफ सीरप की बोतलों पर रोड रोलर चलवाकर उन्हें नष्ट किया।
इसके जरिए उन्होंने नशे की तस्करी के खिलाफ सख्त संदेश दिया। बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से 'नशामुक्त भारत-2029' अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में इको पार्क पुलिस स्टेशन के बाहर रखी गई इन बोतलों पर रोड रोलर चलाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री खुद रोड रोलर की ड्राइविंग सीट पर स्टियरिंग संभाले नजर आए।
20 दिनों में दूसरी बार सरकार का एक्शन
मालूम हो कि बीते 20 दिनों में यह दूसरी बार है जब शुभेंदु ने प्रतिबंधित कफ सीरप की बोतलों पर रोड रोलर चलवाया है। इससे पहले बीते दो सितंबर को उन्होंने दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट में करीब दो लाख जब्त फेंसिडिल कफ सीरप की बोतलों पर रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट किया था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशा मुक्त भारत अभियान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे अत्यंत प्रासंगिक और समयानुकूल बताया। कहा कि राज्य में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हमारी सरकार के सत्ता में आने के बाद से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की जब्ती हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल को नशामुक्त बनाना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नशे की लत गंभीर अपराधों, विशेषकर महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बढ़ावा देने वाले कारकों में शामिल है।
कई एजेंसियां मिलकर चला रहीं अभियान
शुभेंदु ने कहा कि सत्ता में आए करीब पांच महीने हुए हैं और सरकार ने नशे के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी है। शुभेंदु ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), राज्य पुलिस, विशेष कार्यबल (एसटीएफ), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, कोलकाता पुलिस समेत कई केंद्रीय और राज्य एजेंसियां मिलकर नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने 3.10 लाख अवैध कफ सीरप की बोतलों को नष्ट करने को बड़ी सफलता बताया।
नशे की लत का असर पूरे समाज पर पड़ता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। उन्होंने हाल में दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट में करीब दो लाख जब्त फेंसिडिल कफ सीरप की बोतलें नष्ट किए जाने का भी उल्लेख किया।
दक्षिण दिनाजपुर में कोडीन आधारित कफ सीरप की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद संबंधित दवा कंपनी ने राज्य सरकार को आश्वासन दिया है कि उसके उत्पाद अब सीधे या स्थानीय डिपो के माध्यम से डीलरों को नहीं बेचे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी। कार्यक्रम में राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धिनाथ गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
