बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने विपक्षी एकता का भरा दम, कहा- 2024 में भाजपा होगी बेदखल
ममता ने कहा मैं नीतीश कुमार हेमंत सोरेन और कई अन्य लोग 2024 में एक साथ आएंगे। सभी विपक्षी दल भाजपा को हराने के लिए हाथ मिलाएंगे। एक तरफ हम सब होंगे और दूसरी तरफ भाजपा। भाजपा का 300 सीटों का अहंकार उसकी नियति होगी।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि वह और पड़ोसी राज्य- बिहार और झारखंड के उनके समकक्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए कई अन्य विपक्षी दलों के साथ हाथ मिलाएंगे। पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर यहां नेताजी इंडोर स्टेडियम में अपनी पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने दावा किया कि भाजपा अपने अहंकार और लोगों के गुस्से के कारण घोर पराजय का सामना करेगी।
ममता ने दोहराया, खेला होबे
ममता ने कहा, मैं, नीतीश कुमार, हेमंत सोरेन और कई अन्य लोग 2024 में एक साथ आएंगे। सभी विपक्षी दल भाजपा को हराने के लिए हाथ मिलाएंगे। एक तरफ हम सब होंगे और दूसरी तरफ भाजपा। भाजपा का 300 सीटों का अहंकार उसकी नियति होगी। ममता ने इसके साथ दोहराया कि 2024 में खेला होबे। दरअसल, खेला होबे (खेल होगा) पिछले साल विधानसभा चुनाव में टीएमसी का नारा था, जिसमें उसने भाजपा को हराकर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की थी। ममता ने इस दौरान दावा किया कि हाल में बंगाल पुलिस ने झारखंड के तीन विधायकों को बहुत अधिक नकदी के साथ गिरफ्तार करके पड़ोसी राज्य में खरीद-फरोख्त को रोका और हेमंत सोरेन सरकार को गिरने से बचा लिया। बंगाल के हावड़ा जिले के पांचला से 30 जुलाई को झारखंड के तीन कांग्रेस विधायकों के वाहन को रोककर उससे लगभग 49 लाख रुपये नकद बरामद किये गये थे और तीनों विधायकों को गिरफ्तार कर लिया गया था। विधायकों ने दावा किया था कि यह पैसा झारखंड में एक आदिवासी त्योहार के लिए साडिय़ां खरीदने के वास्ते था। ममता ने आगे कहा कि भाजपा को लगता है कि वह हमें सीबीआइ और ईडी से डरा सकती है, लेकिन जितना अधिक वे लोग इस तरह के हथकंडे अपनाएंगे, उतना ही अगले साल के पंचायत चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनावों में हार के करीब पहुंचेंगे। उन्होंने विभिन्न मामलों में केंद्रीय एजेंसियों द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पार्थ चटर्जी और अनुब्रत मंडल की गिरफ्तारी के बाद उनके और उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कथित रूप से दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाने के लिए विपक्ष, विशेष रूप से भाजपा और मीडिया के एक वर्ग की आलोचना की।
नीतीश कुमार भी विपक्षी एकजुटता में जुटे हैं
गौरतलब है कि भाजपा से गठबंधन टूटते ही बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने के लिए मैदान में उतर चुके हैं। तेलंगाना के सीएम से मिलने के बाद अपनी हालिया चार दिवसीय दिल्ली यात्रा में नीतीश ने शरद पवार समेत कई विपक्षी नेताओं से मुलाकात की है। वहीं, ममता की बात करें तो वह लंबे समय से सभी विपक्षी पार्टियों को साथ लेकर चुनाव लडऩे के पक्ष में रही हैं। उनका मानना है कि अगर भाजपा को सरकार बनाने से रोकना है तो सभी नेताओं को साथ आना होगा।