विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बंगाल में विकास की रफ्तार को कोई नहीं रोक सकता', 6000 करोड़ के फिनाल प्लांट का उद्घाटन कर बोले CM शुभेंदु

Published: Wed, 14 Oct 2026 02:52 PM (IST)

हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स ने पूर्व मेदिनीपुर में 6,000 करोड़ रुपये की नई फिनाल और असीटोन उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया है। ...और पढ़ें

CM शुभेंदु ने किया 6000 करोड़ के फिनाल प्लांट का उद्घाटन (स्क्रीनग्रैब)

 CM शुभेंदु ने किया 6000 करोड़ के फिनाल प्लांट का उद्घाटन (स्क्रीनग्रैब)

HighLights

  1. हल्दिया में 6,000 करोड़ का फिनाल-असीटोन प्लांट शुरू।

  2. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नई इकाई का किया उद्घाटन।

  3. बंगाल में 10,000 करोड़ के अतिरिक्त निवेश की उम्मीद।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद औद्योगिक निवेश को लेकर नई उम्मीदें जताई जा रही हैं। इसी कड़ी में दुर्गापूजा के चतुर्थी के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर के हल्दिया में करीब 6,000 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नई फिनाल और असीटोन उत्पादन इकाई का बुधवार को उद्घाटन किया।

हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एडपरमा प्राइवेट लिमिटेड ने इस परियोजना को स्थापित किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु ने कहा कि बंगाल में औद्योगिक विकास की रफ्तार को कोई नहीं रोक सकता।

डबल इंजन सरकार के माध्यम से बंगाल विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। आने वाले दिनों में राज्य में और बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश होगा। उन्होंने बताया कि 10,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश प्रस्ताव भी पाइपलाइन में हैं। उन्होंने कहा कि हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स राज्य में औद्योगिक विकास की दिशा में रास्ता दिखा रहा है।

नई इकाई के शुरू होने से हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की उत्पादन क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। परियोजना के तहत सालाना 345 किलो टन फिनाल और 215 किलो टन असीटोन के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन रसायनों का उपयोग विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में होता है। राज्य में इनका उत्पादन बढ़ने से घरेलू आपूर्ति मजबूत होने और दूसरे क्षेत्रों से होने वाली आपूर्ति पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।

उद्घाटन समारोह में उद्योग मंत्री तापस राय, परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह और राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने नए प्लांट का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्लांट परिसर में स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इसके बाद फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया।

रसायन उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

परियोजना का उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले रसायनों की घरेलू उपलब्धता बढ़ाना और भारत की आयात पर निर्भरता कम करना है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में औद्योगिक उत्पादन बढ़ाने की दिशा में ऐसे निवेश महत्वपूर्ण हैं।

हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स के आसपास रसायन आधारित सहायक उद्योगों के विकास की भी संभावनाएं हैं। नई इकाई से पूर्वी भारत में रसायन उद्योग के विस्तार को गति मिल सकती है। इसके साथ ही परिवहन, आपूर्ति शृंखला और अन्य संबंधित सेवाओं में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। औद्योगिक क्षेत्र में इस निवेश को हल्दिया के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।