VIDEO, Bengal Chunav: मिशन बंगाल- पेट्रोल-डीजल के मूल्य वृद्धि के खिलाफ मुख्यमंत्री का अभिनव विरोध, स्कूटी से नवान्न पहुंची ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर राज्य सचिवालय नवान्न पहुंचीं। स्कूटी राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम चला रहे थे और ममता पीछे सवार थीं। ममता और फिरहाद के गले में मूल्य वृद्धि के खिलाफ एक बोर्ड भी लटक रहा था।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। पेट्रोल-डीजल के मूल्य में वृद्धि के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अभिनव विरोध जारी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को अपने घर के निकट हाजरा से बैटरी चालित स्कूटी पर सवार होकर राज्य सचिवालय नवान्न पहुंचीं। स्कूटी राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम चला रहे थे और ममता पीछे सवार थीं। ममता और फिरहाद के गले में मूल्य वृद्धि के खिलाफ एक बोर्ड भी लटक रहा था।
#WATCH | West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee travels on an electric scooter in Kolkata as a mark of protest against rising fuel prices. pic.twitter.com/q1bBM9Dtua
— ANI (@ANI) February 25, 2021
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले में लगभग 15 अन्य लोग भी बाइक के साथ शामिल थे। हालांकि उसमें कुछ पेट्रोल बाइक भी थी। पेट्रोल-डीजल के मूल्य में वृद्धि के खिलाफ मुख्य मंत्री ममता बनर्जी का ये अभिनव विरोध है। नवान्न पहुंच कर ममता ने स्कूटी पर बैठकर ही मीडिया से कहा कि मोदी सरकार ने देश को बेच दिया है। हर दिन पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की कीमतें बढ़ती जा रही है। रेल, बीएसएनएल, एयर इंडिया सब कुछ बेचा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्टेडियम का नाम मोदी के नाम पर रखने को लेकर भी निशाना साधा है।ममता ने साथ ही कहा कि कल से तृणमूल कांग्रेस की ओर से पेट्रोल-डीजल की कीमत के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा। ममता ने यह भी कहा कि आज शाम नवान्न से घर वह स्कूटी से ही लौटेंगी।
उपचुनाव आयुक्त आज बंगाल का दौरा करेंगे
बंगाल में चुनाव की तारीखों की घोषणा जल्द हो सकती है। उपचुनाव आयुक्त और बंगाल के प्रभारी सुदीप जैन राज्य का दौरा करेंगे। वे आगामी चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि दौरे में सुदीप जैन बंगाल के जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वे राज्य में कानून-व्यवस्था का भी जायजा लेंगे।