Bengal Chunav: भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- दो मई को बंगाल में ऐतिहासिक नतीजे आने वाले हैं, बंगाल की जनता विकास के साथ
केंद्रीय मंत्री ने किया बनगांव स्वरूपनगर और बागदा विधानसभा क्षेत्र का दौरा भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि चार चरणों के मतदान में भाजपा निर्णायक बढ़त ले चुकी है। शेष बचे चरणों में भी जनता तृणमूल कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाने वाली है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि चार चरणों के मतदान में भाजपा निर्णायक बढ़त ले चुकी है। शेष बचे चरणों में भी जनता तृणमूल कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाने वाली है। उन्होंने कहा कि दो मई को बंगाल में ऐतिहासिक नतीजे आने वाले हैं और भाजपा की सरकार बनने जा रही है। बंगाल की जनता सुनहरे भविष्य के साथ है, विकास के साथ है, शांति और सौहार्द के साथ है, बंगाल की जनता भाजपा के साथ है।
गुरुवार को केंद्रीय मंत्री ने बनगांव और स्वरूपनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने स्वरूपनगर में होने वाली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी रैली की तैयारियों का जायजा भी लिया। शेखावत ने बागदा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी विश्वजीत दास के लिए वोट मांगे।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि इस बार विधानसभा में ममता दीदी नहीं दिखेंगी, बल्कि वो सिर्फ एक पूर्व विधायक रह जाएंगी। नंदीग्राम से ममता दीदी चुनाव हार रही हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए शेखावत ने कहा कि चार चरण का मतदान होने के बाद कांग्रेस के युवराज की नींद खुली है। मैं उन्हें बताना चाहूंगा कि भाजपा ने बंगाल को नफरत और हिंसा नहीं, बल्कि अपना खून दिया है। हमारे कई कार्यकर्ता बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए न्योछावर हो गए।
शेखावत ने कहा कि भाजपा बंगाल को हिंसा और अराजकता की राजनीति से मुक्त करा कर रहेगी। बंगाल की जनता ने सोनार बांग्ला का जो सपना देखा है, वो अवश्य पूरा होगा।