बंगाल: दक्षिण 24 परगना जिले में माकपा कार्यालय में तोड़फोड़, चार पंखे भी खोल ले गए बदमाश
दक्षिण 24 परगना के कैनिंग में माकपा कार्यालय में तोड़फोड़ और लूटपाट हुई, जिसमें चार सीलिंग फैन चोरी हो गए और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हुआ।
-office-1792859195193_m.webp)
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
कैनिंग में माकपा पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ और लूटपाट।
बदमाश चार सीलिंग फैन चुरा ले गए, सामान क्षतिग्रस्त।
माकपा ने आरएसएस पर आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थाना क्षेत्र के तालदी में माकपा के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला सामने आया है। शुक्रवार को जहां पार्टी कार्यकर्ता कार्यालय में बैठे थे, वहीं शनिवार सुबह पहुंचने पर उन्होंने वहां सामान बिखरा और टूटा हुआ पाया।
आरोप है कि बदमाश कार्यालय के चार सीलिंग फैन भी खोलकर ले गए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, कार्यालय में टीवी, अलमारी, स्विचबोर्ड, मेज और कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया गया।
पार्टी का झंडा फाड़कर टुकड़े-टुकड़े कर दिया गया, जबकि झंडा लगाने का स्टैंड तोड़कर बाहर फेंक दिया गया। घटना के बाद तालदी इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। माकपा नेताओं का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से पार्टी कार्यालय पर हमले की धमकियां मिल रही थीं।
माकपा के आरोपों को भाजपा और आरएसएस ने नकारा
माकपा नेता और एरिया कमेटी के सदस्य प्रियब्रत घोष ने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े लोग पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ करने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में घटना से जुड़ी सच्चाई सामने आएगी।
दूसरी ओर, भाजपा नेता संजय नायक ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि माकपा ने राजनीतिक प्रचार पाने के लिए खुद अपने कार्यालय में तोड़फोड़ की है। आरएसएस और भाजपा ने घटना में अपनी संलिप्तता से इन्कार किया है।
