विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम और रेजीनगर के भाजपा विधायक 28 अक्टूबर को लेंगे शपथ

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:20 PM (IST)

बंगाल विधानसभा उपचुनाव में नवनिर्वाचित भाजपा विधायक हासिरानी रथ (नंदीग्राम) और शाखारव सरकार (रेजीनगर) 28 अक्टूबर को शपथ लेंगे।

नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव में नवनिर्वाचित दोनों भाजपा विधायक 28 अक्टूबर को लेंगे शपथ।

नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव में नवनिर्वाचित दोनों भाजपा विधायक 28 अक्टूबर को लेंगे शपथ।

HighLights

  1. नंदीग्राम, रेजीनगर के भाजपा विधायक 28 अक्टूबर को लेंगे शपथ।

  2. विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु सुबह 11 बजे शपथ दिलाएंगे।

  3. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति की संभावना, विधानसभा में समारोह।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुर्गापूजा की छुट्टियां समाप्त होने के बाद बंगाल में हाल में हुए विधानसभा उपचुनाव में नवनिर्वाचित दोनों विधायकों का शपथ ग्रहण होगा। नंदीग्राम से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक हासिरानी रथ और मुर्शिदाबाद के रेजिनगर से विधायक चुने गए शाखारव सरकार को 28 अक्टूबर, बुधवार को सुबह 11 बजे विधानसभा में शपथ दिलाई जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु दोनों को विधायक पद की शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भी उपस्थित रहने की संभावना है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, पूजा की छुट्टियों के दौरान ही दोनों सदस्यों के शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। विधानसभा और राजभवन के बीच समन्वय के बाद तारीख तय की गई है।

दोनों सीटों पर भाजपा ने दर्ज की थी जीत

नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर छह अक्टूबर को उपचुनाव हुआ था, जबकि नौ अक्टूबर को मतगणना हुई। दोनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। इसके बाद से ही नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण की तारीख को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। बुधवार को दोनों विधायक औपचारिक रूप से विधानसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखते हुए नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया था। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ ने जीत दर्ज की। वह शुभेंदु के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं।

दूसरी ओर, रेजिनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे से खाली हुई थी। कबीर नाउदा और रेजिनगर, दोनों सीटों से जीते थे। बाद में उन्होंने नाउदा सीट अपने पास रखते हुए रेजिनगर से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा, जिसमें भाजपा के शाखारव सरकार विजयी हुए।