Coronavirus: कोरोना वायरस से बचाव को लेकर दिलीप घोष ने दिया विचित्र तर्क
बंगाल भाजपा के अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष ने कोरोना की रोकथाम के लिए एक विचित्र तर्क देते हुए दावा किया है कि इसे साधारण कपड़े से बने मास्क का उपयोग करके रोका जा सकता है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। भारत सहित दुनियाभर में कोरोना वायरस को लेकर खौफ का माहौल है। वहीं, अपने विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहने वाले बंगाल भाजपा के अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष ने गुरुवार को इस बीमारी की रोकथाम के लिए एक विचित्र तर्क देते हुए दावा किया है कि इसे साधारण कपड़े से बने मास्क का उपयोग करके रोका जा सकता है।
उन्होंने वैज्ञानिकों का हवाला देते हुए कहा कि इस वायरस के बड़े आकार के कारण इसे एक साधारण कपड़े से भी रोका जा सकता है। घोष ने कहा कुछ लोग जैव अनुकूल मास्क पहनने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन पहले इसे बाजार में उपलब्ध होना चाहिए। मास्क बाजार में उपलब्ध ही नहीं हैं, इसलिए मुझे लगता है कि किसी भी घर पर साफ-सुथरे कपड़ों से मास्क बनाकर इसके उपयोग से बचा जा सकता है।
भारत सहित दुनियाभर में कोरोना वायरस को लेकर खौफ का माहौल है। इसे साधारण कपड़े से बने मास्क का उपयोग करके रोका जा सकता है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए घोष ने एन-95 मास्क का उल्लेख करते हुए यह भी कहा कि दो देशों चीन व भारत की बड़ी आबादी होने के कारण ऐसे मास्क की आपूर्ति करने में दो से तीन महीने का समय लग जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शुरुआती स्तर पर इस तरह के मास्क घर पर ही बनाकर इसके उपयोग से कोरोना वायरस से बचा जा सकता है।
बता दें कि इससे पहले बुधवार को भी घोष ने कहा था कि भगवान का प्रसाद लेने से कोरोना वायरस का डर खत्म हो जाएगा। एक धार्मिक समारोह में उन्होंने दावा किया था कि कोरोना वायरस उन लोगों को प्रभावित नहीं करेगा, जिनके पास पूजा के बाद देवी का प्रसाद है।
कोरोना सतर्कता: शाम से सील होगी भारत बांग्लादेश सीमा,भारत-नेपाल सीमा तथा भारत-भूटान सीमा
कांग्रेस-वामो गठबंधन तथा भाजपा की सक्रियता, कांग्रेस-वाममोर्चा से विकास रंजन ने किया नामांकन