बंगाल में चल रहा तुगलकी शासन, पुलिस पूजा करने में भी डाल रही बाधा : दिलीप घोष
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष ने गुरुवार को ममता बनर्जी सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में तुगलकी शासन चल रहा है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष ने गुरुवार को ममता बनर्जी सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में तुगलकी शासन चल रहा है। कोलकाता के राजारहाट- न्यूटाउन इलाके में मॉर्निंग वॉक के दौरान घोष ने अयोध्या में राम जन्मभूमि पूजन व शिलान्यास समारोह के मद्देजनर बुधवार को राज्य में पूजा करने गये भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किये जाने पर राज्य सरकार व पुलिस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में तुगलकी शासन चल रहा है।पुलिस पूजा करने में बाधा डाल रही है।
उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग इस बात से दुखी हैं कि उन्हें भूमि पूजन का जश्न मनाने की इजाजत नहीं दी गई। लेकिन हमने घर पर या मंदिर में विधि के अनुसार पूजा की। इसके बावजूद राज्य में एक से अधिक स्थानों पर अप्रिय घटनाएं हुई हैं। घोष ने कहा कि मंदिर में पूजा करने गये भक्तों को पुलिस ने अपराधी की तरह घसीटा और उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया है। खड़गपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं को अभी तक जमानत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को पूजा करने व मंदिरों में जाने के लिए जेल होती है, तो साफ है कि राज्य में कुशासन व तुगलकी सरकार है। उन्होंने सवाल किया कि राज्य में कैसा शासन चल रहा है? अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और जो लोग पूजा करने जा रहे हैं उनके साथ मारपीट की जा रही है।उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पुलिस को दी चेतावनी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अपनी पीठ पर जितना मार सहन कर सकते हैं, कर रहे हैं। पुलिस जितना अत्याचार कर सकती है, करे। लेकिन वह सभी लाल डायरी में लिख रहे हैं। ब्याज के साथ वापस करेंगे।