निकाय चुनाव से पहले बंगाल भाजपा की पूर्ण राज्य कार्यकारिणी घोषित, शुभेंदु को तमलुक की जिम्मेदारी
बंगाल भाजपा ने निकाय चुनाव से पहले 263 सदस्यों वाली अपनी पूर्ण राज्य कार्यकारिणी की घोषणा की है।

बंगाल भाजपा ने 263 सदस्यीय पूर्ण राज्य कार्यकारिणी की घोषणा की

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। निकाय चुनाव से पहले बंगाल भाजपा ने बुधवार को 263 सदस्यों वाली पूर्ण राज्य कार्यकारिणी की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के हस्ताक्षर से जारी सूची में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और उनके पिता शिशिर अधिकारी को भी जगह दी गई है। शुभेंदु को तमलुक संगठनात्मक जिले की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शिशिर अधिकारी कांथी संगठनात्मक जिले का दायित्व संभालेंगे।
कमेटी में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और शांतनु ठाकुर समेत राज्य के कई मंत्री व विधायक भी शामिल हैं। पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं को भी कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। राजकमल पाठक और श्यामचांद घोष जैसे नेताओं के अलावा डायमंड हार्बर के भाजपा नेता अभिजीत दास को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
निकाय चुनाव पर भाजपा का ध्यान
2025 में प्रदेश अध्यक्ष बने शमिक भट्टाचार्य के कार्यकाल में करीब 14 महीने बाद पूर्ण राज्य कार्यकारिणी घोषित की गई है। विधानसभा चुनाव के बाद से ही संगठन के विस्तार और कार्यकारिणी गठन को लेकर चर्चा चल रही थी। पूजा के बाद कोलकाता, हावड़ा समेत राज्य के कई निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। भाजपा नेतृत्व ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और लगातार बैठकें हो रही हैं।
नई कार्यकारिणी में संगठनात्मक जिलों की जिम्मेदारियां बांटना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सुकांत मजूमदार को दक्षिण दिनाजपुर, शांतनु ठाकुर को बनगांव, तापस राय को उत्तर कोलकाता, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को बीरभूम, निशीथ प्रमाणिक को कूचबिहार, शंकर घोष को सिलीगुड़ी और अभिजीत दास को डायमंड हार्बर का दायित्व दिया गया है।
