बंगाल में भाजपा की एंट्री के लिए अधीर ने ममता को बताया जिम्मेदार, बोले- माफी मांगनी चाहिए
बंगाल में जिस तरह से भाजपा ने अपनी जड़े मजबूत की उसके बाद प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। अधीर ने कहा कि ममता बनर्जी अपने किए कर्मों का ही नतीजा भुगत रही हैं
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में जिस तरह से भाजपा ने अपनी जड़े मजबूत की उसके बाद प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। अधीर ने कहा कि ममता बनर्जी अपने किए कर्मों का ही नतीजा भुगत रही हैं, उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रदेश की सत्ता का दुरुपयोग किया, कांग्रेस और लेफ्ट के विधायकों की खरीद-फरोख्त की। अधीर ने कहा कि भाजपा अब उसी तरीके से बंगाल में तृणमूल के सांसदों और विधायकों को खरीद रही है, जैसे ममता कांग्रेस और लेफ्ट के विधायकों को खरीद रही थीं।
कोलकाता के सियालदह स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस द्वारा आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए अधीर ने राज्य में भाजपा की जड़े मजबूत होने के लिए ममता को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया और कहा कि प्रदेश में भाजपा के लिए दरवाजे खोलने के लिए उन्हें यहां की जनता से माफी मांगनी चाहिए। अधीर ने कहा कि बंगाल में भाजपा को कोई नहीं जानता था, ममता बनर्जी ने ही ने 1999 में भाजपा के साथ गठबंधन किया था।
भाजपा पर सांप्रदायिक पार्टी होने का आरोप लगाते हुए अधीर ने कहा कि ममता ने ही भाजपा और आरएसएस को प्रदेश में आने का रास्ता दिया। पिछले 10 साल के कार्यकाल में ममता ने राज्य में विपक्ष यानी कांग्रेस व वाममोर्चा को खत्म करने की हरसंभव कोशिश की। उन्होंने कहा कि अगर आज भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष के नेताओं को खरीदने के लिए जानी जाती है तो प्रदेश स्तर पर वही मुकाम तृणमूल ने भी हासिल किया है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी ने सुवेंदु अधिकारी को कई महीनों तक मेरे संसदीक्ष क्षेत्र में तैनात रखा ताकि मुझे हराया जा सके, लेकिन अब वही भाजपा सुवेंदु अधिकारी की मदद से ममता बनर्जी के खिलाफ कर रही है। इस दौरान अधीर ने भाजपा पर धर्म के नाम पर देश को बांटने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अंग्रेजों की तरह समाज को बांटों और राज करो की नीति पर काम कर रही है।