BJP President JP Nadda Bengla Visit: आज फिर बंगाल के दौरे पर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
BJP President JP Nadda Bengla Visit बंगाल की सत्ता से ममता सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा ने परिवर्तन यात्रा शुरू की है। 48 घंटों के अंतराल में दूसरी बार बंगाल दौरे पर आ रहे हैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डादो जगहों पर परिवर्तन यात्रा का करेंगे शुभारंभ।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। BJP President JP Nadda Bengla Visit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को फिर बंगाल के दौरे पर आ रहे हैं। महज 48 घंटों के अंतराल में यह उनका दूसरा सूबे का दौरा होगा। इससे पहले वे शनिवार को भी बंगाल आए थे। बंगाल भाजपा से मिली जानकारी के मुताबिक नड्डा का मंगलवार को बेहद व्यस्त कार्यक्रम है। वे सबसे पहले दोपहर 12:30 बजे तारापीठ मंदिर जाकर दर्शन-पूजन करेंगे। दोपहर एक बजे वे चिल्लार माठ में परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। दोपहर दो बजे नड्डा बामा खेपा की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। अपराह्न 3:30 बजे झारग्राम के लालगढ़ सजीव संघ मैदान में परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करेंगे। शाम 4:30 बजे वे सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और अंत में शाम 5:15 बजे झारग्राम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बंगाल आए थे। उन्होंने हल्दिया में कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया था।
गौरतलब है कि बंगाल की सत्ता से ममता सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा ने 'परिवर्तन यात्रा' शुरू की है। नड्डा ने गत शनिवार को नदिया जिले के नवद्वीप से परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। नड्डा ने वहां एक जनसभा को भी संबोधित कर ममता सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा था कि बंगाल की जनता ने परिवर्तन तय कर लिया है। विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस का जाना और भाजपा का आना तय है। यहां कमल खिलने से कोई नहीं रोक सकता। यह परिवर्तन सिर्फ सरकार का नहीं बल्कि विचारधारा का भी होगा। नड्डा ने मालदा जिले में रोड शो करने के साथ वहां 3,000 से ज्यादा किसानों के साथ सामूहिक भोज में भी हिस्सा लिया था।
नड्डा ने आगे कहा था कि ममता दीदी परिवर्तन का नारा देकर और मां, माटी, मानुष की शपथ लेकर 2011 में सत्ता में आई थी लेकिन पिछले 10 वर्षों में उन्होंने सिर्फ धोखा दिया है। बंगाल की संस्कृति को ममता नहीं संभाल सकतीं। तृणमूल सरकार ने यहां की संस्कृति व अस्मिता को आघात पहुंचाया है। इसकी रक्षा सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे।